-११० प्रतिशत दर से म्हाडा लेगी एमएमआरडीए से घरों की कीमत
सामना संवाददाता / मुंबई
शिवड़ी-वर्ली एलिवेटेड रोड परियोजना के तहत प्रभादेवी डबल-लेवल ब्रिज के निर्माण से प्रभावित होनेवाली दो इमारतों के ८३ निवासियों के लिए आसपास के क्षेत्र में ११९ घरों की आखिरकार म्हाडा ने पहचान कर ली है। इन घरों की सूची हाल ही में मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) को सौंपी गई है।
अब निवासियों की पसंद के अनुसार घरों की पहचान और पुनर्वास किया जाएगा। ११९ घरों में से ८३ घरों को निवासियों की पसंद के अनुसार एमएमआरडीए को हस्तांतरित किया जाएगा और इसके लिए म्हाडा ने एमएमआरडीए से ११० प्रतिशत की दर से घरों की कीमत लेने का प्रस्ताव रखा है।
अटल सेतु को जोड़ने वाली शिवड़ी-वर्ली एलिवेटेड रोड प्रभादेवी ब्रिज को पार करती है। इसलिए पुराने पुल को ध्वस्त कर उसकी जगह एक नया डबल-लेवल ब्रिज बनाया जाएगा। एमएमआरडीए द्वारा वर्तमान में पुराने पुल को तोड़ा जा रहा है। इस पुल के निर्माण से हाजी नूरानी और लक्ष्मी नामक दो इमारतें प्रभावित होंगी, जिनमें ८३ घर हैं। राज्य सरकार ने इन ८३ निवासियों को म्हाडा के घरों में पुनर्वासित करने का निर्णय लिया है। डेवलपर द्वारा पुनर्विकास के माध्यम से म्हाडा को उपलब्ध कराए गए घर इन निवासियों को स्थायी रूप से दिए जाएंगे। इसी निर्णय के तहत एमएमआरडीए ने म्हाडा से घरों की मांग की थी। इस मांग के अनुसार, म्हाडा के मुंबई भवन मरम्मत और पुनर्निर्माण बोर्ड द्वारा दादर और आसपास के क्षेत्रों में ११९ घरों की पहचान की गई है, बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि इन घरों की सूची एमएमआरडीए को सौंप दी गई है। अब ये घर निवासियों को दिखाए जाएंगे और उनकी पसंद के आधार पर घरों के आवंटन पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। एमएमआरडीए के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि म्हाडा से घरों की सूची प्राप्त हो गई है और इस पर आगे की कार्रवाई चल रही है।
