मुख्यपृष्ठटॉप समाचारधैर्य रखें,  शिवसेना साथ है!..उद्धव ठाकरे का बाढ़ पीड़ित किसानों को वचन...खेतों...

धैर्य रखें,  शिवसेना साथ है!..उद्धव ठाकरे का बाढ़ पीड़ित किसानों को वचन…खेतों की मेड़ों पर जाकर जानी व्यथा

सामना संवाददाता / धाराशिव

शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने कल मराठवाड़ा में बाढ़ पीड़ित किसानों से उनके खेतों की मेड़ों पर जाकर मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। लातूर, धाराशिव, बीड, जालना और छत्रपति संभाजीनगर जिलों का दौरा करते हुए उद्धव ठाकरे ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया। कहा कि धैर्य रखिए, शिवसेना हमेशा आपके साथ है। हम सरकार का घेराव कर उसे किसानों को उनका हक दिलाने का पूरा प्रयास करेंगे। खासकर कर्जमाफी के लिए भी हम सड़क पर उतरेंगे। उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि किसानों का जीवन बह गया है। अब मदद के लिए पंचांग नहीं, बल्कि ठोस कदम उठाने होंगे।
बाढ़ में बह गईं बच्चों की किताबें!
उद्धव ठाकरे ने कल बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। धाराशिव जिले के इटकुर गांव में जब उद्धव ठाकरे का काफिला पहुंचा, तो किसानों ने उनसे मिलकर अपनी दुखभरी कहानी सुनाई। किसानों ने कहा कि खेती में कुछ भी नहीं बचा। जानवरों के लिए चारा नहीं है। सब कुछ बह गया। बच्चों की किताबें तक बह गर्इं। घर में कीचड़ भर गया है। हम खेतों में ही रह रहे हैं। इस पर उद्धव ठाकरे ने कहा कि मेरे हाथ में अभी आपको देने के लिए कुछ नहीं है, मैं आपको ढांढस देने आया हूं। लेकिन शिवसेना सरकार से आपका हक जरूर दिलवाएगी।
कलम्ब तालुका के इटकुर गांव में शीलाताई मोरे के घर में बाढ़ का पानी घुस गया था। उद्धव ठाकरे ने उस घर का निरीक्षण किया और परिवार का हालचाल पूछा। उन्होंने कहा कि आसमानी संकट ने किसान का सुख चैन छीन लिया है। उसे वापस दिलाने के लिए शिवसेना हमेशा किसानों के साथ खड़ी रहेगी। लातूर के तांदले गांव में किसानों द्वारा सौंपे गए निवेदन स्वीकार कर उन्होंने आश्वासन दिया कि उन्हें सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
पीएम केयर से लाओ फंड!
कोरोना संकट के समय पीएम केयर फंड बनाया गया था। उसमें लाखों-करोड़ों रुपए जमा हुए थे। उसी फंड से महाराष्ट्र के किसानों को केंद्र सरकार को तुरंत मदद देनी चाहिए। इस तरह की मांग शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने कल की।
पीएम केयर फंड को रखा है गोपनीय!
मराठवाड़ा के बाढ़ पीड़ित इलाकों का दौरा करने के बाद शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने बीड में पत्रकार परिषद कर मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वहां लगभग ७५ लाख महिलाओं के खातों में प्रत्येक को १०-१० हजार रुपए जमा करने की बात कही है। अब प्रधानमंत्री को महाराष्ट्र के किसानों को भी कर्ज मुक्त करना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि महाराष्ट्र के किसानों को कर्ज मुक्त करने के लिए कितने पैसे देने हैं और कहां से देने हैं, यह सवाल उठ सकता है, तो पीएम केयर फंड की याद दिलाता हूं। कोरोना काल में बनाए गए पीएम केयर फंड का मालिक कौन है, यह आज तक पता नहीं चला। सूचना के अधिकार में भी उसकी जानकारी मांगने पर नहीं मिलती। सब कुछ गुप्त रखा गया है।
पीएम दें जवाब, आखिर किसकी करेंगे केयर
विश्वगुरु बनने का दावा करने वाले प्रधानमंत्री को किसानों की देखभाल करनी चाहिए। पीएम केयर फंड अब इस्तेमाल नहीं करने वाले हो, मुख्यमंत्री किसानों को कर्ज माफी देने का यह उचित समय भी नहीं मान रहे हो तो फिर वह समय कब आएगा और प्रधानमंत्री आखिर किसकी केयर करेंगे, इसका जवाब दें। इस तरह का जोरदार हमला उद्धव ठाकरे ने बोला।
लाखों-करोड़ों रुपए जमा हुए
पीएम केयर फंड में उस समय लाखों-करोड़ों रुपए जमा हुए थे। उद्धव ठाकरे ने मांग करते हुए कहा कि वही फंड अब महाराष्ट्र के किसानों के लिए इस्तेमाल करो, वरना किसानों को प्रति हेक्टेयर ५० हजार रुपए दो।
…तो उन्हें सबक सिखाएंगे
मदद बांटते समय अगर अधिकारी बेबुनियाद शर्तें लगाएंगे या जिद्दी रवैया अपनाएंगे तो उन्हें सीधा करना ही पड़ेगा और किसानों को उनका हक दिलाना ही पड़ेगा, ऐसा सख्त इशारा उद्धव ठाकरे ने दिया। उन्होंने कहा कि बैंकों की तरफ से किसानों को कर्ज वसूली की नोटिसें भेजी जा रही हैं। वे सब नोटिसें एकत्र कर शिवसेना के पास दीजिए। हम उन्हें मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे।

अन्य समाचार