– अस्पताल देर से पहुंचने पर बीमार बेटे की हुई मौत
राजेश सरकार / प्रयागराज
शहर से लगते फाफामऊ इलाके में मलाक हरहर चौराहे पर शुक्रवार को हुई दुर्घटना में कथावाचक देवव्रत महाराज की स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त हो गई। इसमें सवार उनके भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि पत्नी को भी चोट पहुंची। वहीं दूसरी गाड़ी में सवार उनके नौ साल के बीमार बेटे की समय से अस्पताल नहीं पहुंच पाने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, आचार्य देवव्रत महाराज का कार्यक्रम गंगापार के होलागढ़ क्षेत्र में चल रहा है। वे कथा में व्यस्त थे। इस बीच उनके नौ वर्षीय पुत्र की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बच्चे की बिगड़ती हालत को देखते हुए उसे लेकर परिजन दो गाड़ियों से प्रयागराज शहर की ओर रवाना हुए। बताया जा रहा है कि कथावाचक के पुत्र को लेकर परिवार के सदस्य गाड़ी से आगे-आगे चल रहे थे, जबकि कथावाचक देवव्रत के भाई शिवम शुक्ला दूसरी गाड़ी में अन्य परिजन के साथ पीछे-पीछे चल रहे थे। इस दौरान मलाक हरहर चौराहे पर बने गोल सर्कल के पास शिवम की गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सीधे गोल सर्कल से जा भिड़ी, जिससे उनकी गाड़ी काफी डैमेज हो गई। दुर्घटना में कथावाचक के छोटे भाई शिवम गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार, उनके सिर पर गहरी चोटें आई हैं और हालत चिंताजनक है। वहीं देवव्रत महाराज की पत्नी को भी चोटें आई हैं, लेकिन उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। हादसे के दौरान उनके बीमार बच्चे की स्थिति नाजुक बनी हुई थी। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
