राधेश्याम सिंह
वसई। नालासोपारा-पूर्व के संतोष भुवन नाका पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान चंद्रमा कुमराना बोटला के रूप में हुई है, जो काम से घर लौट रही थीं। हादसा उस वक्त हुआ जब तेज़ रफ्तार में आ रहे एक आयशर ट्रक (क्रमांक एमएच-46/सीए-6589) ने उन्हें कुचल दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंद्रमा बोटला रोज की तरह दोपहर करीब 11:15 बजे तसंवुर कंपाउंड स्थित अपने घर लौट रही थीं। जैसे ही वे संतोष भुवन नाका के पास पहुँचीं,उसी दौरान नालासोपारा स्टेशन की तरफ से आ रहे ट्रक ने लापरवाही से ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करते हुए उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में महिला के बाएं पैर पर गंभीर चोट आई और अधिक खून बहने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतका की बेटी सपना हरीश गुप्ता, ने इस मामले में पेल्हार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर ट्रक चालक शिवा रामनयन गौतम (उम्र 25 वर्ष, निवासी तलोजा सेक्टर 40, नवी मुंबई) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है।यह हादसा एक बार फिर शहर में सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के पालन की गंभीरता पर सवाल खड़ा करता है।
