राजेश सरकार / प्रयागराज
नौ रूप में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना और उपासना के पर्व नवरात्रि पर संगम नगरी प्रयागराज में उल्लास और उमंग छाया हुआ है। दुर्गा पूजा पण्डालों में बुधवार को महानवमी के दिन आदिशक्ति मां जगदम्बा की स्तुति महा सिद्धि दात्री के रूप में की गई। सिद्धपीठ अलोप शंकरी देवी मंदिर अलोपीबाग में इस अवसर पर लोकगायक विकास पाण्डेय और साथी कलाकारों ने भक्ति गायन प्रस्तुत किया। गीत मयरिया अइबू जब भवनवा, चल चल देवी दर्शनवा, जगदम्बा घर में दियना को श्रद्धालु श्रोताओं ने खूब सराहा। वहीं प्राचीन ललिता देवी मंदिर (मीरापुर) में महानवमी के शुभ अवसर पर लोकगायक गौरी शंकर और साथी कलाकारों ने भक्ति गीतों के माध्यम से मां दुर्गा की सुंदर स्तुति प्रस्तुत की। गीतों में लागल हो माई के चारण, आज मंदिर में आ गयो रे शेरा वाली मईया, केही विधी तोहके मनाई ये माई तथा तन मन बा कुल तोहरा शरन मे, की प्रस्तुति से भक्तों की भीड़ झूमने लगी थी।
