सामना संवाददाता / कानपुर
कानपुर में भारतीय जनता युवा मोर्चा के एक नेता की दबंगई का मामला सामने आया है। यहां चल रही रामलीला के दौरान डांसरों पर रुपए लुटाने और विरोध करने पर पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने आरोपी नेता अमितेश शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना का ५२ सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की।
कानपुर के सचेंडी थाना इलाके का यह मामला है। यहां भौंती गांव में रामलीला कार्यक्रम का आयोजन चल रहा था। इसमें बीजेपी युवा मोर्चा से जुड़े अमितेश शुक्ला कार्यक्रम में पहुंचे थे। आरोप है कि मंचन के दौरान अमितेश शुक्ला ने कलाकारों और नृत्य कर रही डांसर पर सरेआम रुपए लुटाना शुरू कर दिया, जिसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। प्रोग्राम शुरू होते ही नेता ने जैसे ही डांसरों पर नोट फेंकना शुरू किया, ये बात डांसरों को पसंद नहीं आई। यह देखकर वहां मौजूद कई लोगों को यह बुरा लगा, लेकिन डर की वजह से कोई कुछ नहीं बोल रहा था। लेकिन जब रामलीला कमेटी के सदस्यों और आयोजकों ने अमितेश शुक्ला के इस व्यवहार पर आपत्ति जताई, तो वह आगबबूला हो गया। बात बढ़ने पर नेता ने अपनी कमर से पिस्टल निकाली और कमेटी के एक सदस्य के पेट पर अड़ा दी। वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि आरोपी युवक को न केवल धमका रहा है, बल्कि चिल्लाते हुए कह रहा है, `चट से गोली मारूंगा, कोई बचा नहीं पाएगा।’ यह देखकर पूरे कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई। महिला डांसर डर के मारे रोने लगीं और वहां मौजूद अन्य लोग भी घबरा गए।
खैर, इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वयारल होते ही हरकत में आई पुलिस ने मामले पर तुरंत संज्ञान लिया। एडीसीपी कपिल देव ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी अमितेश शुक्ला को पिस्टल सहित गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
