मुख्यपृष्ठनए समाचारफतेहपुर, फर्रुखाबाद के बाद अयोध्या में विस्फोट से 6 दिन में 6...

फतेहपुर, फर्रुखाबाद के बाद अयोध्या में विस्फोट से 6 दिन में 6 मौतें!

मनोज श्रीवास्तव/लखनऊ

शनिवार को फरुखाबाद के कोचिंग में विस्फोट के बाद दो छात्रों की दर्दनाक मौत की गुत्थियां सुलझी भी नहीं थी कि रविवार को अयोध्या के जाना बाजार रोड के किनारे स्थित एक मकान में विस्फोट होने के साथ ईंट का बना मकान भरभरा कर धराशायी हो गया और मलबे में तब्दील हो गया। घटनास्थल बीकापुर कोतवाली से करीब 200 मीटर की दूरी पर होने के चलते प्रभारी निरीक्षक लालचंद सरोज पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। मकान गिरने से मलबे में दबे नगर पंचायत कर्मी सहित तीन युवकों शेरपुर पारा, बीकापुर निवासी श्रवण यादव (22), तेंदुआ माफी, बीकापुर निवासी विवेकानंद पांडेय (25) और धेनुवावा, बीकापुर निवासी विजय यादव (30) को मलबा हटाकर पुलिसकर्मियों व स्थानीय लोगों के सहयोग से बाहर निकाला। इन तीनों को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर पहुंचाया गया।

मृतक श्रवण यादव

जांच पड़ताल के बाद चिकित्सक अनुराग गुप्त ने श्रवण यादव को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल विजय यादव और विवेकानंद पांडेय को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे में घायल विजय यादव नगर पंचायत बीकापुर कार्यालय में लिपिक के पद पर तैनात हैं। दूसरे घायल विवेकानंद पांडेय बीकापुर तहसील में एक लेखपाल के मुंशी के तौर पर काम करते हैं। मकान तहसील में मुंशी का काम करने वाले विवेकानंद पांडेय का बताया जा रहा है। इसमें उनकी ओर से कार्यालय बनाया गया था। घटना के बाद अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। जेसीबी से मलबा हटाने का काम शुरू किया गया। एसडीएम श्रेया और सीओ पीयूष के अलावा बीकापुर कोतवाली और हैदरगंज थाने की पलिस भी मौके पर मौजूद है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह ने भी मौके पर जांच पड़ताल की गई। विस्फोट और मकान के गिरने का कारण अभी पता नहीं चल सका है। मलबा हटाने के दौरान अभी तक पुलिस को कोई गैस सिलेंडर अथवा संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। सीओ पीयूष ने बताया कि ईंट का बना मकान काफी जर्जर है। अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। न ही कोई सिलेंडर बरामद हुआ है। यह भी आशंका जताई जा रही है कि मकान जर्जर होने से गिर सकता है, जिससे तेज आवाज हुई होगी। सही कारण पता लगाने और जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।”

इससे पहले पिछले शनिवार को फतेहपुर के बिंदकी तहसील के कल्यानपुर थाना क्षेत्र के रेवाड़ी खुर्द गांव में बारूद से पटाखे बनाते समय हुए विस्फोट में पिता पुत्री की मौत हो गई थी और बेटा घायल था।रविवार की भोर को घायल बेटा जिंदगी की जंग हार गया। घायल का इलाज कानपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था।

अन्य समाचार