मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर अयोध्या में शिवसेनापक्षप्रमुख द्वारा नवंबर 2018 में 4 किलो चांदी की दी गयी ईंट की चोरी होने के संदर्भ में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के उत्तर प्रदेशप्रमुख ठाकुर अनिल सिंह ने राजधानी लखनऊ के सरोजनी नगर थाने में शिकायत किया है।
शिकायती पत्र के अनुसार, जो लिखा गया है वह इस प्रकार है। “सादर अवगत कराना है कि श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं द्वारा दान किए गए जेवरातों एवं करोड़ों रुपये मूल्य की सामग्री के कथित चोरी/गबन की जांच वर्तमान में SIT कर रही है। यह उल्लेखनीय है कि पूर्व में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्षप्रमुख उद्धव बालासाहेब ठाकरे के द्वारा श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण हेतु 01 करोड़ रुपए का चेक द्वारा दान दिया गया था तथा उत्तर प्रदेशप्रमुख (ठाकुर अनिल सिंह) समक्ष हजारों शिवसैनिकों व साधु-संतों के साथ एक 04 किलो चांदी की ईंट भी पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे के द्वारा मंदिर ट्रस्ट को भेंट की गई थी, जिसकी रसीद मंदिर ट्रस्ट द्वारा आज तक नहीं दी गई।
मुझे आशंका है कि करोड़ों रुपयों के जेवरातों के साथ शिवसेना उतर प्रदेश द्वारा भेंट की गई 04 किलो चांदी की ईंट चोरी हो गई है। अतः समस्त सनातनीयों के हित में यह आवश्यक है कि शिवसेना द्वारा भेंट की गई 04 किलो चांदी की ईंट की वर्तमान स्थिति, अभिलेखों एवं सुरक्षित रखे जाने संबंधी समस्त विवरण की जांच कराई जाए। कृप्या आपसे निवेदन है कि इस प्रकरण में मुकदमा दर्ज करते हुए मेरे प्रार्थना पत्र को जांच हेतु संबंधित सक्षम अधिकारी/SIT को प्रेषित करने का कष्ट करें तथा यह सुनिश्चित कराया जाए कि शिवसेना द्वारा भेंट की गई चांदी की ईंट एवं अन्य दान सामग्री का सत्यापन कर उनकी वर्तमान स्थिति सार्वजनिक की जाये”। साथ में अखबार में प्रकाशित सूचना एवं दान दी गई चांदी की ईट की फोटो ग्राफ भी संलग्न किया गया है। प्रदेशप्रमुख ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने का समय मांगने के साथ अपरमुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद से भी समय मांगा है। वह अपनी बात एसआईटी के सामने रखना चाहते हैं।
