मुख्यपृष्ठनए समाचारयूपी में मंत्री के दबंग गुर्गे ने पुलिस की मौजूदगी में छात्र...

यूपी में मंत्री के दबंग गुर्गे ने पुलिस की मौजूदगी में छात्र को नाक रगड़वाई!

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

योगी आदित्यनाथ की सरकार में राज्य मंत्री के नाम पर यूपी में बीच सड़क पर छात्रों से जम कर गुंडागर्दी हुई। मेरठ शहर के तेजगढ़ी क्षेत्र में ऊर्जा राज्यमंत्री के कार्यालय के नीचे स्थित एक होटल में खाना खा रहे चार छात्रों के साथ कथित तौर पर मंत्री के करीबियों द्वारा पुलिस की मौजूदगी में मारपीट और अपमानजनक व्यवहार किया गया। बताते हैं कि पुलिस वालों के सामने आरोपियों ने छात्रों से सड़क पर नाक रगड़वाई और गालियां दीं। वीडियो में दिख रहा है कि युवक जमीन पर बैठ कर हाथ जोड़ रहा है उसके बाद भी विकुल चकराना ने उसे नाक रगड़ने को विवश किया। इस घटना ने योगी सरकार के कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना मेडिकल थाना क्षेत्र के तेजगढ़ी में ऊर्जा राज्यमंत्री डाॅ. सोमेंद्र तोमर के कार्यालय के नीचे एक होटल में हुई। चार युवक होटल में खाना खा रहे थे, जो कि एक कॉलेज के छात्र बताए गए। तभी कार निकालने को लेकर कुछ अन्य युवकों के साथ उनके करीबी विकुल चकराना से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दूसरे पक्ष के युवकों ने खुद को ऊर्जा राज्यमंत्री का करीबी बताया और धमकाने लगे। सूत्रों की मानें तो आरोपी विकुल चकराना किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष और मंत्री डॉ सोमेंद्र तोमर का करीबी नेता है, जो सरेआम गुंडागर्दी कर रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस मौके पर मौजूद थी, लेकिन आरोपियों ने उनकी उपस्थिति के बावजूद छात्रों को सड़क पर नाक रगड़वाई और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। इस घटना ने पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। पुलिस मूकदर्शक बनी रही और आरोपियों को रोकने या कार्रवाई करने में नाकाम रही। इस तरह के व्यवहार को गुंडागर्दी के रूप में देखा जा रहा है। वहीं एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

अन्य समाचार