-जिला कारागार में मनाया गया भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक पर्व भैया दूज
राजेश सरकार / प्रयागराज
गुरुवार को यम द्वितीया पर भाई-बहन के प्रेम, त्याग और समर्पण का पर्व भैया दूज जिला कारागार नैनी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जेल में निरुद्ध बंदी बहनों से टीका कराने और बंदी भाइयों को टीका करने दूर-दराज से आए परिजन मुलाकात के लिए सुबह से ही जेल परिसर में पहुंच गए थे। बहनों ने कारागार में मुलाकात के दौरान अपने अपने भाइयों और भाइयों ने अपनी बहनों से दूज का टीका कराया। मिठाई और उपहार देकर भाई एवं बहनों ने उनकी रक्षा का वचन दिया तथा भगवान से दीर्घायु होने की प्रार्थना की। भाई-बहन के प्रेम के प्रतीक पर्व की खुशियां मनाते समय एक ऐसा भी वक्त आया जब बिछुड़ते वक्त सभी की आंखें छलक उठीं। भाई-बहन एक-दूसरे को पकड़ कर रोते रहे। जिला जेल की वरिष्ठ अधीक्षक अमिता दुबे ने बताया कि भैया दूज पर्व के लिए कारागार परिसर में जलपान की व्यवस्था भी कराई गई थी। भाई-बहनों की मुलाकात के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से महिला व पुरुष बंदी रक्षकों को तैनात किया गया था। ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं उत्पन्न हो सके। उन्होने बताया कि गुरुवार को जिला कारागार में निरुद्ध बंदी और भाइयों को उनके स्वजन से छह शिफ्टों में मुलाकात कराई गई। करीब 784 बहनें एवं 27 भाई तथा उनके साथ 299 बच्चे मुलाकात के लिए पहुंचे थे। वरिष्ठ अधीक्षक जिला जेल अमिता दुबे ने बताया कि भाई दूज पर्व पर बंदियों के लिए अच्छी व्यवस्था की गई थी। इससे किसी भी मुलाकाती को कोई भी परेशानी नहीं हुई। इस दौरान जेलर आलोक कुमार, उप जेलर सौरभ सिंह यादव, उप जेलर सिमरन सोनी, उप जेलर विजय प्रसाद, उप जेलर अभिलाषा एवं सुशीला देवी मौजूद रही।
