मुख्यपृष्ठनए समाचारविपक्ष के आरोप पर लगी मुहर! ...मुख्यमंत्री के गृह जिले नागपुर में...

विपक्ष के आरोप पर लगी मुहर! …मुख्यमंत्री के गृह जिले नागपुर में एक ही घर में ४९ मतदाता आए सामने!

जागरूकता मंच ने उठाई जांच की मांग
सामना संवाददाता / मुंबई
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे सहित महाविकास आघाडी के घटक दल मतदाता सूचियों में भारी पैमाने पर विसंगतियां होने का आरोप पिछले कई महीनों से लगा रहे हैं। उनके इस आरोप पर मुहर मुख्यमंत्री के गृह जिले नागपुर में ही लग गई है। यानी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के गृह जिले नागपुर में मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई है, जिससे स्थानीय स्तर पर चर्चा छिड़ गई है।
डिगदोह नगर परिषद के मुख्याधिकारी को दिए गए एक निवेदन में डिगदोह जागरूकता मंच ने इस गंभीर घटना की जांच की मांग की है।
मंच ने मुख्याधिकारी को दिए निवेदन में कहा है कि वार्ड क्रमांक १२ के प्लॉट क्रमांक १५ए, एक ही पते पर कई मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। मंच का कहना है कि इससे मतदाता सूची की विश्वसनीयता और पारदर्शिता खतरे में पड़ गई है। मंच ने कहा कि इस मामले की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों का ध्यान तुरंत इस ओर आकर्षित किया गया और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के लिए इसकी गहन जांच आवश्यक है। डिगदोह जागरूकता मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक प्रक्रिया की नींव है। सूची में त्रुटियां चुनाव परिणामों को सीधे प्रभावित कर सकती हैं। इसलिए, प्रशासन को तुरंत जांच कर गलत नामों को हटाना चाहिए और आवश्यक सुधार करने चाहिए। इस बीच, मतदाता सूचियों में इस तरह की गड़बड़ी को लेकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा शुरू हो गई है। कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कर्नाटक और महाराष्ट्र में मतदाता सूची-भारी पैमाने पर गड़बड़ियों के गंभीर आरोप लगाए हैं। कर्नाटक के आलंद विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम गायब होने की बात सामने आई है और विशेष जांच दल ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में पता चला है कि प्रत्येक मतदाता के नाम हटाने के आवेदन के लिए ८० रुपए का भुगतान किया गया था।

अन्य समाचार