सामना संवाददाता / कल्याण
दिवाली के मौके पर बुधवार देर रात कल्याण के मोहने क्षेत्र में पटाखे के स्टॉल को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। यह घटना आंबिवली पूर्व के मोहने पुलिस चौकी के बिल्कुल पास हुई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि झगड़ा फटाके के स्टॉल लगाने को लेकर शुरू हुआ, जो देखते-देखते हाथापाई और फिर पथराव में बदल गया। घटना में चार से पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक महिला संध्या साठे भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, दोनों गुटों के बीच पहले से ही तनाव चल रहा था। करीब एक हफ्ते पहले इसी क्षेत्र में रिक्शा चालक और राहगीरों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसकी कड़ी इस विवाद से जुड़ती दिखाई दे रही है। गुरुवार की मध्यरात्रि जब लोग दिवाली की खुशियों में डूबे थे, तभी अचानक मोहने चौकी के पास तेज शोर और भगदड़ मच गई। कुछ घरों और दुकानों में तोड़फोड़ की गई और सड़कों पर दगड़फेक हुई।
सूचना मिलते ही मोहने पुलिस चौकी और उल्हासनगर पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस के सामने भी दोनों गुटों में झड़प जारी रही, लेकिन बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंचने के बाद स्थिति नियंत्रण में लाई जा सकी। फिलहाल, पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ परस्पर मामला दर्ज किया है और आठ लोगों को हिरासत में लिया गया है। क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया है।
