मुख्यपृष्ठसमाचारगिरी गाज : संविदा रोडवेजकर्मी की हत्या में इंस्पेक्टर निलंबित

गिरी गाज : संविदा रोडवेजकर्मी की हत्या में इंस्पेक्टर निलंबित

– कार्रवाई में लापरवाही बरतने पर चौकी इंचार्ज को पहले ही किया दण्डित

राजेश सरकार / प्रयागराज

धूमनगंज थाना के नीमसराए इलाके में पेट्रोल पंप के पास हुई संविदा रोडवेज चालक रावेंद्र कुमार उर्फ मुन्नू की हत्या मामले में प्र्रयागराज पुलिस कमिश्नर ने लापरवाह थाना प्रभारी अमरनाथ राय को निलंबित कर दिया है। इससे पहले इस मामले में क्षेत्र के टीपी नगर चौकी इंचार्ज राजेश कुमार चौबे को भी शिथिलता बरतने सस्पेंड किया जा चुका है। इसबीच पुलिस कमिश्नर की समीक्षा बैठक में लिए गए निर्णय के तहत संविदा रोडवेज कर्मी की हत्या में शामिल सभी आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। आरोप है कि इस घटना से पहले संविदा कर्मी के परिजन ने कई बार पुलिस से जानमाल का खतरा होने की आशंका जताई थी। प्रार्थना पत्र भी दिया था। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार की प्रारंभिक जांच में लापरवाही उजागर होने पर थाना प्रभारी अमरनाथ राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही थाना प्रभारी के विरुद्ध विभागीय जांच भी बैठा दी गई है। बता दें कि पुलिस उपायुक्त नगर ने घटना में नामजद सभी सात आरोपियों पर इनाम घोषित किया है। आरोपियों में हसनैन, नूरैन, अली, हुसैन, कामरान, इरफान और कैफ हैं। इन आरोपियों में किसी को भी पनाह देने या छिपाने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी को सात विशेष पुलिस टीम गठित की गई है। पुलिस कमिश्नर का कहना है कि फरार अभियुक्तों को जल्द दबोच लिया जाएगा। फिलहाल अभी तक हत्यारे पुलिस पकड़ से दूर हैं। धूमनगंज पुलिस, एसओजी समेत कुल सात टीमें, तीन एसीपी आरोपियों की गिरफ्तारी को लगाए गए हैं।
– पुलिस कमिश्नर और अपर पुलिस कमिश्नर ने मरियाडीह गांव में चलाया था सर्च ऑपरेशन
इस मामले में पुलिस कमिश्नर और एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एन आर्डर डॉ. अजय पाल शर्मा ने खुद आठ थानों की फोर्स समेत धूमनगंज के मरियाडीह गांव में दो घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया था। लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगे। कानून व्यवस्था के मद्देनजर गुरुवार को छह अन्य थानों के प्रभारी भी बदल दिए गए हैं। इनमें कर्नलगंज प्रभारी निरीक्षक राजेश उपाध्याय को धूमनगंज, कीडगंज के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह को प्रभारी निरीक्षक कर्नलगंज, माण्डा से प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र सिंह को प्रभारी निरीक्षक खुल्दाबाद, साइबर अपराध थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कुमार को प्रभारी निरीक्षक माण्डा, प्रभारी यूपी-112 यूनिट वीरेंद्र कुमार को प्रभारी निरीक्षक कीडगंज, खुल्दाबाद प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र कुमार वर्मा को गैर इकाई स्थानांतरण पर पुलिस लाइन भेजा गया है। बता दें कि रोडवेज संविदा कर्मी रावेंद्र मंगलवार को दोपहर बाद अपने घर से नजदीक पेट्रोल पंप पर गए थे। जहां कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हुई, जिसके बाद युवकों ईंट से मारना शुरु कर दिया। ईंट सिर पर लगने से रावेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई थी।

अन्य समाचार