सामना संवाददाता / मुंबई
महायुति सरकार द्वारा शुरू की गई लाडली बहन योजना लगातार अलग-अलग कारणों से चर्चा में रही है। अब इस योजना में १६४ करोड़ रुपए के घोटाले की चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। इस पर शिवसेना नेता व विधायक आदित्य ठाकरे ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि इस घोटाले में सत्ताधारी दलों के नेताओं का हाथ होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि बिना राजनीतिक दबाव के यह घोटाला संभव नहीं है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा है कि बोगस लाभार्थियों ने सरकार की लाडली बहन योजना का फायदा उठाकर १६४ करोड़ रुपए का घोटाला किया है। ऐसी खबर दिवाली के समय सामने आई है। सरकारी तंत्र के इस्तेमाल और राजनीतिक दबाव के बिना यह संभव ही नहीं हो सकता। योजनाओं के नाम पर जनता के पैसों पर डाका डालना और सरकारी खजाना खाली करना, यह तो भाजपा-शिंदे सरकार की पुरानी आदत है। यही सब मुंबई मनपा में भी चल रहा है। मुख्यमंत्री लाडली बहन योजना में बड़े पैमाने पर घोटाले का यह मामला सामने आया है।
१२,४३१ पुरुषों ने लिया लाभ
इस योजना में १२,४३१ पुरुषों ने १३ महीनों तक हर महीने १,५०० रुपए की रकम प्राप्त की है। यह चौंकाने वाला खुलासा सूचना के अधिकार के माध्यम से हुआ है। फिलहाल सरकार इस योजना के लाभार्थियों की पड़ताल कर रही है, लेकिन यह गंभीर मामला है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में पुरुषों ने इस योजना का लाभ वैâसे ले लिया? जबकि योजना सिर्फ महिलाओं के लिए बनाई गई है।
