मुख्यपृष्ठसमाचारभारत की टॉप 4x4 एसयूवी...मारुति सुजुकी जिम्नी 5-डोर ने 1 लाख यूनिट...

भारत की टॉप 4×4 एसयूवी…मारुति सुजुकी जिम्नी 5-डोर ने 1 लाख यूनिट का संचयी निर्यात का आंकड़ा किया पार

सामना संवाददाता / मुंबई

मारुति सुज़ुकी इंडिया लिमिटेड (“मारुति सुजुकी”) ने आज जिम्नी 5-डोर के एक ऐतिहासिक उपलब्धि की घोषणा की। इस मॉडल ने भारत से 1 लाख यूनिट के कुल निर्यात के आंकड़े को पार कर लिया है। जिम्नी 5-डोर का निर्यात 2023 में भारत में उसके बिक्री के शुरुआत के तुरंत बाद हुआ। केवल भारत में निर्मित इस एसयूवी ने जापान, मेक्सिको और ऑस्ट्रेलिया सहित 100 से अधिक देशों में लोगों का दिल जीत लिया है।
जनवरी 2025 में “जिम्नी नोमेड” नाम से जापान में प्रवेश करने के बाद से ही इस मॉडल को उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली और शुरुआत के कुछ ही दिनों में ऑर्डर 50,000 का आंकड़ा पार कर गया। यह दुनिया के सबसे विकसित और गुणवत्ता के प्रति जागरूक ऑटोमोबाइल बाजारों में से एक में जिम्नी की मजबूत उपस्थिति को दर्शाता है।
मूल रूप से, जिम्नी 5-डोर परफॉर्मेंस के लिए बनाई गई है, जिसमें लैडर-फ्रेम चेसिस और सुजुकी के सिद्ध ALLGRIP PRO (4WD) का संयोजन है, जो बेहतरीन ऑफ-रोड डायनामिक्स और स्थिरता प्रदान करता है। 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन द्वारा संचालित यह मॉडल टिकाऊ, सरल और भरोसेमंद संतुलन प्रस्तुत करता है। इस कारण, यह ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर चलने वाले ड्राइवरों और गुणवत्ता व कार्यक्षमता के प्रति समर्पित वैश्विक ग्राहकों, दोनों को आकर्षित करता है।
इस उपलब्धि पर बोलते हुए, मारुति सुज़ुकी इंडिया लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ श्री हिसाशी ताकेउचि ने कहा, “जिम्नी की वैश्विक स्तर पर आधी सदी से भी ज़्यादा की विरासत है। जिम्नी 5-डोर का 1 लाख यूनिट्स के निर्यात का आंकड़ा पार करना मारुति सुज़ुकी के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है। इस दमदार एसयूवी में दुनिया भर के ग्राहकों के भरोसे के लिए हम उनका तहे दिल से आभार व्यक्त करते हैं। जिम्नी के मज़बूत ऑफ-रोड डीएनए, विश्वसनीय प्रदर्शन और बेजोड़ गुणवत्ता ने 100 से ज्यादा देशों में प्रशंसा हासिल की है।” उन्होंने आगे कहा, “मारुति सुज़ुकी द्वारा निर्यात किए गए 16 अन्य मॉडलों के साथ जिम्नी, ‘मेक इन इंडिया फॉर द वर्ल्ड’ का एक शानदार उदाहरण है। कंपनी के निर्यात में साल-दर-साल वृद्धि हमारे उत्पादों के प्रति ग्राहकों के प्रेम और विश्वास को दर्शाती है तथा विश्वस्तरीय ऑटोमोबाइल निर्माण के केंद्र के रूप में भारत के उदय को उजागर करती है।”

अन्य समाचार