द्रुप्ति झा / मुंबई
चांदीवली विधानसभा क्षेत्र में फुटपाथों की हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। जिन रास्तों पर पैदल यात्रियों को सुरक्षित चलने के लिए फुटपाथ बनाए गए थे, वे अब अवैध पार्किंग, राजनीतिक बैनरों और कचरे के ढेर से पटे पड़े हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि विधायक मामा लांडे के नवरात्रि शुभकामना बैनर अब भी फुटपाथ पर लगे हुए हैं, जबकि त्योहार बीते हफ्तों गुजर चुके हैं। इससे पैदल चलने वालों के लिए रास्ता लगभग बंद हो गया है।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नेताओं के प्रचार बैनर और राजनीतिक होर्डिंग्स हटाने के लिए न तो मनपा सक्रिय है और न ही ट्रैफिक पुलिस। वहीं सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण पैदल चलना और भी खतरनाक हो गया है। फुटपाथों पर जमा भंगार, कचरा और अवैध रूप से खड़े वाहन लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं।
प्रशासन ने नहीं की कार्रवाई
स्थानीय निवासी सुनीता जाधव ने बताया कि इस स्थिति को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है, ‘हमसे रोड टैक्स वसूला जाता है, लेकिन सुविधा देने के बजाय हमारी सड़कों का इस्तेमाल राजनीति के लिए किया जा रहा है।’
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क और फुटपाथ विकास के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, पर वास्तविक सुधार कहीं नजर नहीं आता। नवरात्रि बीत चुकी है, मगर चांदीवली के फुटपाथ अब भी बैनरों और गंदगी से जाम हैं। जनता पूछ रही है। क्या उनके लिए फुटपाथ अब सिर्फ नाम के रह गए हैं?
