सामना संवाददाता / मुंबई
पनवेल मनपा क्षेत्र के धनसार गांव स्थित एक रिसॉर्ट के चालक मनोज चौधरी को अश्लील हरकत के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने रिसॉर्ट में आई महिलाओं की निजी गतिविधियों को छिपे कैमरे से रिकॉर्ड करने के लिए शौचालय में एक गुप्त कैमरा लगाया था। यह मामला तब उजागर हुआ जब एक परिवार के बच्चे को शौचालय में लगे लाइट होल्डर में संदिग्ध तत्व दिखाई दिए। बच्चे ने इसकी जांच की और कैमरा होने की पुष्टि की।
मनोज चौधरी ३५ वर्षीय है और खारघर के रंजनपाड़ा गांव का रहने वाला है। रिसॉर्ट का संचालन हाल ही में रिसॉर्ट मालिक द्वारा एकमुश्त राशि लेकर मनोज को सौंपा गया था। घटना उस समय हुई जब मुंब्रा का एक परिवार शनिवार (२५ तारीख) को रिसॉर्ट में ठहरा था। परिवार की महिला सदस्य दिन और रात दोनों समय शौचालय का उपयोग कर रही थीं, इसी दौरान उनको शिकार बनाया गया।
आरोपी को किया गिरफ्तार
इस मामले में तलोजा पुलिस स्टेशन में मनोज चौधरी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता २०२३ की धारा ७७ और सूचना एवं प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा ६६(ई) के तहत मामला दर्ज किया गया है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रवीण भगत और निरीक्षक सागर निकम मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। यह घटना सुरक्षा और निजता की गंभीर समस्या की ओर ध्यान आकर्षित करती है और यह चेतावनी देती है कि सार्वजनिक या निजी स्थानों पर निगरानी और सतर्कता कितनी आवश्यक है।
