मुख्यपृष्ठनए समाचारजांच के घेरे में सरकारी अस्पताल... नेपाली युवकों के शवों की हुई...

जांच के घेरे में सरकारी अस्पताल… नेपाली युवकों के शवों की हुई अदला-बदली!

-पीएम के बाद सामने आई चौंकानेवाली लापरवाही

सामना संवाददाता / मुंबई

पनवेल स्थित सरकारी अस्पताल में दो नेपाली युवकों के शवों की अदला-बदली की भयावह घटना ने महायुति शासन के चिकित्सा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। पोस्टमार्टम के बाद सामने आई इस हैरतअंगेज लापरवाही ने दोनों परिवारों में कोहराम मचा दिया, जो अब इस भयानक चूक के लिए जिम्मेदार लोगों से जवाब की मांग कर रहे हैं। अस्पताल प्रशासन द्वारा शवों की पहचान में की गई यह गंभीर चूक न केवल मानवीय संवेदनाओं पर कुठाराघात है, बल्कि सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की खामियों को भी बेनकाब कर रही है।
पनवेल के एक सरकारी अस्पताल में मानवीय लापरवाही की चरम सीमा पार कर देनेवाली घटना सामने आई है। घटना तब सामने आई जब २५ वर्षीय एक युवक के परिवार को पोस्टमार्टम के बाद गलत शव सौंप दिया गया। हैरानी की बात यह है कि अस्पताल प्रशासन ने इस भयंकर चूक का कारण दोनों मृतकों के एक जैसे रूप-रंग और उम्र को बताया है। यह तर्क अस्पताल प्रबंधन की जवाबदेही से पलायन को दर्शाता है। इसी के साथ ही इस घटना ने मृतकों के प्रति सम्मान और चिकित्सा प्रोटोकॉल दोनों को तार-तार कर दिया है।
प्रशासन की लचर व्यवस्था पर सवाल
आरोप है कि शवों पर गलत लेबल लगाए गए और बिना पुख्ता पहचान के ही शव परिजनों को सौंप दिए गए। इस घटना ने अस्पताल के शव प्रबंधन तंत्र की पोल खोलकर रख दी है। अब अस्पताल प्रबंधन और पुलिस संयुक्त रूप से जांच कर रही है, लेकिन सवाल यह है कि क्या यह जांच केवल दिखावा मात्र रहेगी?
परिवारों को झेलनी पड़ रही है मानसिक यातना
इस लापरवाही ने मृतकों के परिवारों को गहन मानसिक आघात पहुंचाया है। एक तरफ जहां वे अपने प्रियजन की मौत का दर्द झेल रहे थे, वहीं अस्पताल की इस भूल ने उनकी वेदना को और बढ़ा दिया है। परिवार अब तक सही शव की प्रतीक्षा में हैं, जबकि अस्पताल प्रशासन अपनी गलती सुधारने में लगा हुआ है। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है। लोग शवगृह की प्रक्रियाओं पर कड़ी निगरानी और तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। सवाल उठ रहे हैं कि क्या इस घटना के बाद अस्पताल प्रशासन में बैठे अधिकारियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई होगी।

अन्य समाचार