– कई पदाधिकारियों ने दिया इस्तीफा
– करप्शन के चलते डूबा ट्रस्ट
फिरोज खान / मुंबई
फिल्म एक्टर कादर खान द्वारा बनाया गया चेरिटबल ट्रस्ट इन दिनों भ्रष्टाचार के चलते बुरी स्थिति में पंहुच गया है। हाल यह है कि इनकम टैक्स विभाग ने ट्रस्ट को ३५ लाख की डिमांड नोटिस भेजी है, लेकिन वह पैसे भरने की स्थिति में नहीं है। बताया जा रहा है कि अगर ट्रस्ट ने आयकर विभाग को पैसे नहीं भरे तो ट्रस्ट सील हो सकता है और तत्कालीन पदाधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई हो सकती है। आश्चर्य इस बात का भी है कि समस्या का समाधान निकालने की बजाय ट्रस्ट के ६ पदाधिकारियों ने इस्तीफा देकर अपना पल्ला झाड़ लिया। इस्तीफा देनेवालों में दो सेक्रेटरी, दो ट्रेजरर, एक मेंबर और सीए शामिल हैं ।
बता दें कि कादर खान ने १९७२ में ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन नामक ट्रस्ट बनाया था, ताकि जरूरतमंद छात्रों को मदद मिल सके। लेकिन अब ट्रस्ट भ्रष्टाचार के चलते डूबने के कगार पर पंहुच गया है। ट्रस्ट के फाउंडर मेंबर सईद हमीद का कहना है कि ट्रस्ट में बड़े पैमाने पर करप्शन चल रहा है। सालाना ट्रस्ट में ३५ से ४० लाख रुपए चंदे के रूप में आता है, लेकिन इसका कोई हिसाब-किताब नहीं है। कोई ऑडिट रिपोर्ट नहीं दी जाती है और न ही सालाना एजीएम मीटिंग की जाती है। सईद हमीद के मुताबिक, ट्रस्ट में हो रहे करप्शन को लेकर चेरिटी कमिश्नर को लिखित शिकायत की है।
जानकारी के मुताबिक, साल २०२३ में ट्रस्ट को १३ लाख और २०२४ में १० लाख रुपए की डिमांड नोटिस भेजी है। उनके मुताबिक, ये आंकड़ा दो साल का है, जबकि साल २०१६ से आयकर बकाया है। यानी तकरीबन ३५ लाख रुपए की देनदारी बाकी है। सईद के मुताबिक, ट्रस्ट कंगाल हो चुका है, ऐसे में इतनी बड़ी रकम कहां से भरी जाएगी। असल में ट्रस्ट में करप्शन का सिलसिला २० सालों से चल रहा है। आश्चर्य की बात यह है कि ट्रस्ट में चल रही गड़बड़ी से परेशान होकर चार्टर एकाउंटेंट ने भी इस्तीफा दे दिया है। सईद हमीद ने बताया कि सबसे बड़ा करप्शन विदेशी चंदे के नाम पर हो रहा है। साल २०१५ में ट्रस्ट का विदेशी अंशदान (विनियमन) अधिनियम रजिस्ट्रेशन खत्म होने के बावजूद ट्रस्ट के पदाधिकारी विदेश से चंदा हासिल कर रहे हैं, जो कि सरासर गैर कानूनी है।
