-यात्रियों को बस पकड़ते समय बंद करनी पड़ रही नाक
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एसटी) के मुंबई सेंट्रल डिपो के प्रवेश द्वार पर शौचालय का पानी ओवरफ्लो हो रहा है और पूरे इलाके में तेज बदबू फैल गई है। यात्रियों को बस पकड़ते समय नाक बंद करनी पड़ रही है। पूरा डिपो क्षेत्र शराब और पानी की बोतलों से पटा दिखाई दे रहा है और मुख्य द्वार के पास सीवेज और गंदगी का साम्राज्य है। इससे यात्रियों के साथ-साथ एसटी कर्मचारियों के स्वास्थ्य को भी खतरा उत्पन्न हो गया है। एसटी मुख्यालय वाले इस डिपो में परिवहन मंत्री और एसटी निगम के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक का कार्यालय भी है। इसकी खबर पहले भी मीडिया में आई थी। इसके बाद अस्थाई सफाई की गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोमवार को डिपो फिर से गंदगी से भरा था।
बता दें कि डिपो में सूचना एवं प्रौद्योगिकी भवन के पास कचरा रखने के लिए बड़े-बड़े कूड़ेदान रखे गए हैं। लेकिन कचरा प्रतिदिन नहीं उठाया जाता, इसलिए ये कूड़ेदान कचरे से भरे पड़े हैं। भवन के पिछले हिस्से में भी मलबा पड़ा हुआ है। डिपो के आसपास कचरा और शराब की बोतलें बिखरी पड़ी हैं, साथ ही कर्मचारी विश्राम कक्ष के बाहर भी प्लास्टिक की बोतलें बिखरी पड़ी हैं। डिपो में वर्कशॉप समेत कई जगहों पर पानी के गड्ढे बन गए हैं और उनमें मच्छरों का बसेरा देखा गया है।
मलेरिया फैलने का खतरा
डिपो में डेंगू और मलेरिया के मच्छरों के लार्वा पनपने का खतरा है। सवाल यह उठ रहा है कि प्रशासन वहां कार्यरत कर्मचारियों और बस पकड़ने के लिए आने वाले यात्रियों के स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों पर कब गंभीरता से ध्यान देगा।
