-बिहार की एनडीए सरकार पर राहुल गांधी का हल्ला बोल
सामना संवाददाता / पटना
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बिहार में शिक्षा, रोजगार और मानव विकास की स्थिति का उल्लेख करते हुए मंगलवार को आरोप लगाया कि `मोदी-नीतीश सरकार’ ने युवाओं की आकांक्षाओं का गला घोंट दिया तथा प्रदेश को हर पैमाने पर गर्त में धकेल दिया है। उन्होंने दिल्ली में पढ़ाई कर रहे बिहार के कुछ युवाओं के साथ संवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा किया।
राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, `कुछ दिनों पहले बिहार के युवाओं से बहुत दिलचस्प बातचीत हुई, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार हर मुद्दे पर। इन सबकी दुर्दशा के लिए सिर्फ एक गुनहगार है, भाजपा-जद(यू) सरकार।’ उन्होंने दावा किया, `बिहार के युवा बखूबी जानते हैं कि पिछले २० वर्षों में किस तरह मोदी-नीतीश सरकार ने उनकी आकांक्षाओं का गला घोंटा है, प्रदेश को लावारिस छोड़ दिया है और हर पैमाने पर गर्त में धकेल दिया है।’ राहुल गांधी ने बिहार में शिक्षा की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा, `कक्षा ९-१० में ‘ड्रॉपआउट’ के मामले में बिहार का २९ राज्यों में२७वां स्थान है। कक्षा ११-१२ में प्रवेश की दर के मामले में२८वां स्थान है तथा महिला साक्षरता के मामले में २८वां स्थान है।’ राहुल गांधी ने रोजगार की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि सेवा क्षेत्र में रोजगार को लेकर बिहार का २९ राज्यों में २१वां स्थान है तथा उद्योग/उत्पादन क्षेत्र में रोजगार के मामले में २३वां स्थान है।
