मुख्यपृष्ठअपराध३,५०० डॉलर में बिक रहे भारतीय युवक!

३,५०० डॉलर में बिक रहे भारतीय युवक!

-कंबोडिया और थाईलैंड में भारी डिमांड

-हाउस अरेस्ट कर सिखाए जा रहे ठगी के तरीके

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के साइबर सेल, थाना साइबर क्राइम और साइबर इंटेलिजेंस टीम ने संयुक्त रूप से एक ऐसे गैंग का पर्दाफाश किया है, जो बेरोजगार युवकों को नौकरी का झांसा देकर उन्हें अपने जाल में फंसाता है। अपने जाल में फंसाने के बाद गैंग उन्हें विदेश में नौकरी का झांसा देकर कंबोडिया और थाईलैंड भेजता है, जहां बेरोजगारों को हाउस अरेस्ट कर ऑनलाइन ठगी, डिजिटल इन्वेस्टमेंट और ट्रेडिंग के नाम पर ठगी के तरीके सिखाए जाते हैं।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए उन्नाव निवासी आतिफ खान और इंदौर निवासी अजय कुमार शुक्ला नामक आरोपियों ने खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने प्रति व्यक्ति ३,५०० डॉलर के हिसाब से अब तक दर्जनों भारतीय युवकों को बेचा है। एडिशनल डीसीपी आदित्य सिंह ने बताया कि इस गैंग के फिलहाल दो सदस्य ही हाथ लगे हैं और दोनों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि इन लोगों के निशाने पर बेरोजागर युवक रहते हैं। क्योंकि ऐसे युवक आसानी से विदेश में नौकरी के नाम पर जाल में फंस जाते हैं। विदेश भेजने के बाद इन युवकों को वहां मौजूद दूसरा एजेंट विभिन्न ठगों के गैंग को बेचता है। प्रति युवक की कीमत लगभग ३,५०० डॉलर होती है।
इन युवकों को विदेश में जो भी खरीदता है, वो इनको साइबर ठगी की ट्रेनिंग देता है। एक बार जाल में फंसे ये युवक अगर वहां से निकलना चाहें, तब भी निकल नहीं सकते क्योंकि इन्हें वहां हाउस अरेस्ट करके रखा जाता है। इनके सारे कागजातों को गैंग अपने पास रखता है, ताकि ये लोग भाग न सकें। एडिशनल डीसीपी ने बताया कि शक है कि यह गैंग अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय है। पुलिस अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है।

अन्य समाचार