-‘जनभावनाओं का अपमान है कॉर्पोरेट नामकरण’
-संदीप शुक्ला ने सरकार को घेरा
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई मेट्रो-३ (एक्वा लाइन) के कुछ स्टेशनों के नाम कॉर्पोरेट कंपनियों के नाम पर रखे जाने के पैâसले के खिलाफ मुंबई कांग्रेस की अध्यक्षा व सांसद वर्षा गायकवाड़ के नेतृत्व में मुंबई कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। इस मुद्दे पर सिद्धिविनायक मंदिर के पास पार्टी द्वारा एक जोरदार धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया, जिसमें कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
इस अवसर पर मुंबई कांग्रेस के महासचिव संदीप शुक्ला ने सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा भावनाओं से खेलती रही है। गणपति बाप्पा के नाम पर बने स्टेशन का नाम कॉर्पोरेट कंपनी को बेच देना जनभावनाओं का अपमान है। अगर सरकार को पैसा ही चाहिए तो मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री अपने नाम के आगे किसी कंपनी का नाम जोड़ लें।
संदीप शुक्ला ने कहा कि मेट्रो जैसे सार्वजनिक प्रकल्पों के नाम जनता की आस्था और शहर की पहचान से जुड़े होते हैं, न कि किसी व्यावसायिक सौदे से। उन्होंने सरकार पर ‘सार्वजनिक धरोहरों के व्यापारीकरण’ का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि यह निर्णय वापस नहीं लिया गया तो कांग्रेस पूरे शहर में आंदोलन तेज करेगी।
