भाजपा विधायक ने प्रशासन की कार्यशैली पर उठाए सवाल
सामना संवाददाता / मुंबई
ठाणे महानगरपालिका की ‘आपला दवाखाना’ योजना अनुबंध की समाप्ति के कारण बंद हो गई थी, लेकिन मनपा प्रशासन ने दावा किया था कि उसकी जगह केंद्र सरकार की योजना के तहत ४३ शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर और राज्य सरकार की हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे आपला दवाखाना योजना के तहत १२ स्वास्थ्य मंदिर शुरू किए गए थे।
भाजपा विधायक संजय केलकर ने मंगलवार दोपहर इनमें से तीन स्वास्थ्य मंदिरों का औचक निरीक्षण किया तो वे बंद मिले। इसको लेकर विधायक केलकर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रशासन मुंबईकरों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है।
विधायक केलकर ने ठेकेदार द्वारा ‘आपला दवाखाना’ योजना को बंद करने और कार्यरत डॉक्टरों व कर्मचारियों का वेतन रोके जाने का मुद्दा उठाया था। इस संबंध में विधायक केलकर ने आयुक्त सौरभ राव से मुलाकात की थी। इस दौरान केलकर ने बताया था कि आयुक्त ने आश्वासन दिया था कि ठेकेदार को काली सूची में डाल दिया गया है और डॉक्टरों व कर्मचारियों का बकाया वेतन दो दिनों के भीतर दे दिया जाएगा। इसके साथ कमिश्नर ने यह भी बताया था कि उनका आपला दवाखाना बंद होने के बावजूद केंद्र सरकार की योजना के तहत ४३ शहरी आयुष्मान स्वास्थ्य मंदिर और राज्य सरकार की हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे आपला दवाखाना योजना के तहत १२ क्लिनिक खोले गए हैं। इस दौरे के बाद भाजपा विधायक संजय केलकर ने मंगलवार दोपहर तीन स्वास्थ्य मंदिरों का औचक निरीक्षण किया, लेकिन उन्हें बंद पाया।
क्रूर मजाक बंद करो
ठाणे के लोगों को स्वास्थ्य मंदिरों के नाम पर गुमराह किया जा रहा है। यह धोखा ठाणे की गरीब जनता के साथ है। मनपा ने बिना किसी उचित योजना के जल्दबाजी में उद्घाटन करके जनता का मजाक उड़ाया है। केलकर ने कहा कि फीता काटने वालों को यह क्रूर मजाक बंद करना चाहिए।
