जैश-ए-मोहम्मद के ऑडियो में हुआ खुलासा
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने एक बार फिर हिंदुस्थान के खिलाफ जहर उगला है। अब अपने आतंक अभियान में एक नया मोर्चा खोल दिया है और वह है महिलाओं की जिहादी ब्रिगेड। संगठन के सरगना मौलाना मसूद अजहर का एक २१ मिनट का ऑडियो संदेश सामने आया है, जिसमें वह वुमन जिहादी ब्रिगेड को भड़का रहा है। ऑडियो में वह `जमात-उल-मोमिनात’ नाम से इस नए महिला विंग की घोषणा करते हुए, इसका पूरा खाका पेश कर रहा है। यह ऑडियो बहावलपुर स्थित मार्कज उस्मान ओ अली में जारी किया गया। मसूद अजहर के मुताबिक, जैसे जैश के पुरुष आतंकी ‘दौरा-ए-तर्बियत’ नामक १५ दिन के कोर्स से गुजरते हैं, वैसे ही महिलाएं ‘दौरा-ए-तस्किया’ नामक प्रशिक्षण लेंगी। अजहर ने अपने भाषण में दावा किया कि ‘जो महिला जमात-उल-मोमिनात में शामिल होगी, वह मरने के बाद सीधे जन्नत में जाएगी।’ अजहर ने कहा कि पाकिस्तान के हर जिले में जमात-उल-मोमिनात की शाखा बनाई जाएगी, जिसकी प्रमुख ‘डिस्ट्रिक्ट मुन्तजिमा’ होगी।
फिर खुली `पापी’स्तान की पोल
इस घटना ने एक बार फिर से पाकिस्तान की पोल खोलकर रख दी है, जो हमेशा यह दावा करता है कि वह आतंकवाद को बढ़ावा नहीं देता। हालांकि, पाकिस्तान सरकार औपचारिक रूप से जैश-ए-मोहम्मद जैसे संगठनों को प्रतिबंधित बताती है, लेकिन हालिया घटनाओं से साफ है कि इस्लामाबाद इन आतंकी नेटवर्कों को खुली छूट और परोक्ष समर्थन दे रहा है।
