टेस्ट के साथ ही टी-२० इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेनेवाले ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार पारियां खेलने के बाद पहली बार बल्लेबाजों की आईसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर-१ स्थान हासिल करते हुए अपने आलोचकों का मुंह बंद कर दिया। ३८ वर्षीय रोहित इस मुकाम को छूने वाले दुनिया के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी भी बन गए हैं। एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ७३ रन की पारी खेलने के बाद सिडनी में नाबाद १२१ रन बनाने वाले रोहित शर्मा बल्लेबाजों की रैंकिंग में दो स्थान ऊपर चढ़कर शीर्ष पर पहुंचे हैं। वनडे फॉर्मेट में ३३ शतक लगाने वाले रोहित शर्मा ने दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली (७४) के साथ अटूट साझेदारी करते हुए भारत को तीसरे वनडे मुकाबले में ९ विकेट से शानदार जीत दिलाई थी। हालांकि, टीम इंडिया सीरीज नहीं बचा सकी। रोहित ने इस लिस्ट में अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान और भारतीय टीम के अपने साथी शुभमन गिल को पीछे छोड़ते हुए पहली बार वनडे क्रिकेट में बल्लेबाजों की शीर्ष रैंकिंग हासिल की है। ३८ वर्षीय रोहित पिछले एक दशक में ज्यादा समय टॉप १० में रहे हैं।
