मुख्यपृष्ठनए समाचारक्विक-कॉमर्स इंडस्ट्री का काला चेहरा ...ग्राहकों को परोसे जा रहे कीड़ों वाले...

क्विक-कॉमर्स इंडस्ट्री का काला चेहरा …ग्राहकों को परोसे जा रहे कीड़ों वाले अंडे!

अंडे तोड़ते ही निकले हिलते-डुलते लार्वा

सामना संवाददाता / मुंबई
क्विक-कॉमर्स इंडस्ट्री का भयावह सच सामने आया है, जब ब्लिंकिट ने ग्राहकों को कीड़ों वाले अंडे परोस दिए। विरार निवासी एक उपभोक्ता को ब्लिंकिट से मंगवाए गए अंडों में हिलते-डुलते लार्वा मिले, जिसने पूरे क्विक-कॉमर्स सेक्टर की खाद्य सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी। हैरानी की बात यह है कि ब्लिंकिट के स्टोर मैनेजर ने खुद कन्फेशन किया कि उनके यहां एक्सपायर्ड प्रोडक्ट्स की बिक्री होती है। यह घटना महज एक अकेली घटना नहीं, बल्कि ब्लिंकिट के उस जहरीले नेटवर्क का हिस्सा है जो मुंबई से लेकर दिल्ली तक लाखों ग्राहकों की सेहत से खिलवाड़ कर रहा है। इसी के साथ ही ऑनलाइन किराना डिलीवरी सेवाओं में खाद्य सुरक्षा व गुणवत्ता नियंत्रण को लेकर गंभीर चिंताएं भी पैदा कर दी हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, विरार निवासी शुभम एमजी ने ब्लिंकिट के मोबाइल ऐप के जरिए खाने-पीने की चीजें और अंडे ऑर्डर किए। कुछ ही मिनटों में डिलीवरी उनके घर पहुंच गई। हालांकि, जब उन्होंने पैकेट खोला, तो वे यह देखकर दंग रह गए कि कई पैकेटबंद खाने-पीने की चीजों की एक्सपायरी डेट पहले ही निकल चुकी थी। इसमें और भी बड़ा झटका तब लगा जब उन्होंने अंडों को तोड़ा, तो अंदर छोटे-छोटे लार्वा हिलते-डुलते दिखाई दिए। इसके बाद परेशान होकर शुभम तुरंत स्थानीय ब्लिंकिट स्टोर गए और स्पष्टीकरण मांगा। ग्राहक और अन्य निवासियों द्वारा पूछे जाने पर स्टोर मैनेजर ने कथित तौर पर गलती स्वीकार की और माना कि उत्पाद वास्तव में एक्सपायर हो चुके थे। स्टोर पर जमा हुए निवासियों ने इस घटना पर गुस्सा और निराशा व्यक्त की और इसे खाद्य सुरक्षा मानकों में गंभीर चूक बताया। कई लोगों ने सवाल उठाया कि एक्सपायरी डेट बीत जाने के बावजूद ऐसे उत्पादों की डिलीवरी वैâसे की गई।
जनता का गुस्सा और कार्रवाई की मांग
इस घटना ने उन नागरिकों में चिंता की लहर पैदा कर दी है, जो अपनी दैनिक जरूरतों के लिए नियमित रूप से ऑनलाइन किराना प्लेटफॉर्म पर निर्भर रहते हैं। स्थानीय लोगों ने अधिकारियों से उत्पाद की गुणवत्ता से समझौता करने वाली कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया है। निवासियों ने जोर देकर कहा कि ग्राहक सुविधा के लिए इन डिलीवरी सेवाओं पर भरोसा करते हैं, लेकिन इस तरह की लापरवाही गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकती है। एक निवासी ने कहा कि अगर एक्सपायरी डेट का या दूषित खाना डिलीवर किया जा रहा है, तो यह सिर्फ एक गलती नहीं है, बल्कि यह खतरनाक है।

 

 

 

अन्य समाचार