मुख्यपृष्ठनए समाचारमुंबई में भी दहेज का ‘दानव’! ... १० माह में ५ महिलाओं...

मुंबई में भी दहेज का ‘दानव’! … १० माह में ५ महिलाओं की मौत

– ६ विवाहिताओं ने की आत्महत्या

– ४०० दहेज प्रताड़ना के मामले दर्ज
फिरोज खान / मुंबई
मुंबई जैसे शहर में भी दहेज के ‘दानव’ की घुसपैठ हो चुकी है। पुलिस के ढुलमुल रवैए से बेटी के माता-पिता को जहर का घूंट पीकर रहना पड़ रहा है। पुलिस के साथ-साथ सरकार की लापरवाही के चलते महिलाओं के खिलाफ होने वाले उत्पीड़न की घटनाओं पर काबू नहीं पाया जा रहा है। मुंबई में दहेज को लेकर हो रही बहुओं की हत्याएं, आत्महत्याएं और अत्याचार के आकड़े हैरान कर देने वाले हैं। गत १० माह में ५ महिलाओं की दहेज के चलते मौत हो चुकी है और ६ महिलाओं को मजबूर होकर खुदकुशी करनी पड़ी। दहेज विवाद को लेकर १५ अक्टूबर तक ४०० से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं। कहीं स्लो पाइजन देकर हत्या की जा रही तो कहीं जुल्म ढा कर खुदकुशी के लिए मजबूर किया जा रहा है। मुंबई की एक ताजी घटना में ससुरालवालों पर आरोप है कि मनमाफिक दहेज नहीं मिलने से बहू को शादी की पहली सालगिरह के पहले ही खाने में जहर मिलाकर मार डाला गया। खार में २४ साल की महिला की रहस्यमयी मौत सवालों के घेरे में है। पुलिस ने इस मामले में महिला के पति और उसके परिवार के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। ससुरालवालों पर दहेज के लिए प्रताड़ना और हत्या जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। मृत महिला के पिता राधेश्याम गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शादी के कुछ ही महीनों बाद से बेटी को ससुराल में प्रताड़ित किया जाने लगा था। उन्होंने बताया कि शादी के समय ९ लाख नकद, १८ तोले सोना, दो किलो चांदी और कई घरेलू सामान देने के बावजूद ससुराल वाले और पैसे और एक महंगी बुलेट बाइक की मांग कर रहे थे। जब उन्होंने मना किया तो उनकी बेटी पर अत्याचार होने लगे थे।

पहली सालगिरह के पहले गई जान
इस घटना का दर्दनाक पहलू यह है कि एक महीने बाद शादी की पहली सालगिरह थी। मुंबई में इस तरह की यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले कुछ महीनों में घाटकोपर, माहिम, मालाड आदि जगहों पर कई दहेज प्रताड़ना के मामले सामने आए है।

अन्य समाचार