मुख्यपृष्ठनए समाचारतूफान में दो नावें भटकीं! ...३२ मछुआरे लापता, दहशत में परिवार

तूफान में दो नावें भटकीं! …३२ मछुआरे लापता, दहशत में परिवार

सामना संवाददाता / मुंबई
पिछले कुछ दिनों से चल रहे तूफान और भारी बारिश के कारण अरब सागर में दो मछली पकड़ने वाली नावें रास्ता भटक गईं। ऐसे में नाव सहित उनमें सवार ३२ नाविक लापता हो गए हैं। तटरक्षक बल की मदद से इन नावों की तलाश जारी है, लेकिन अभी तक उनका पता नहीं चल पाया है। ऐसे में नाविकों के परिवार वाले चिंतित हैं।
बता दें कि बंगाल की खाड़ी में कम दबाव बनने से वातावरण बिगड़ गया। इसके साथ ही तूफान जैसी स्थिति पैदा हो गई है। इसके चलते मौसम विभाग की चेतावनी के बाद शनिवार से ही मछुआरों को मछली पकड़ने के लिए गहरे समुद्र में जाने से मना कर दिया गया था, लेकिन तूफान की चेतावनी से पहले ही सैकड़ों मछली पकड़ने वाली नावें गहरे समुद्र में जा चुकी थीं। हालांकि कई मछली पकड़ने वाली नावें विभिन्न बंदरगाहों के तटों तक पहुंच गई हैं, लेकिन कुछ मछली पकड़ने वाली नावें अभी भी तूफान में फंसी हुई हैं। न्हावा निवासी सत्यवान पाटील की श्री गांवदेवी मरीन और सचिन पाटील की चंद्राई नामक दो नावें लापता हो गई हैं और उनका अभी तक पता नहीं चल पाया है। ‘करंजा मछुआरा संघ’ के अध्यक्ष प्रदीप नाखवा ने बताया कि इन नावों की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास जारी हैं। इस बीच, तूफान में फंसी करंजा-उरण की चार मछली पकड़ने वाली नावें कल दोपहर सुरक्षित लौट आईं। लेकिन ३२ नाविकों की तलाश खबर लिखे जाने तक जारी थी।

अन्य समाचार