-पुलिस के पास पहुंची शिकायत
सामना संवाददाता / मुंबई
भाजपा नेताओं में सत्ता का घमंड सिर चढ़कर बोल रहा है। खास करके महिलाओं के प्रति भाजपा पदाधिकारियों की ‘नियत’ कुछ ज्यादा ही खराब होती दिख रही है। तभी तो भाजपा के कई नेताओं का नाम महिला नेताओं के साथ विवादों में आता रहता है। मुंबई के युवा मोर्चा अध्यक्ष रहे गणेश पांडे का मामला अभी लोगों को याद है। भाजपा के एक प्रवक्ता का नाम भी उछला था। भाजपा नेता मधु चव्हाण का मामला तो सड़क तक आ गया था। अब प्रदेश के युवा मोर्चा के अध्यक्ष का नाम भी अपनी ही पदाधिकारी के साथ ‘गंदी बात’ करने के चलते सामने आया है। इस कारण भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष अनूप मोरे विवादों में घिर गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा की ही एक महिला पदाधिकारी ने चिंचवड़ पुलिस थाने में उनके खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि उन दोनों के बीच पिछले कुछ वर्षों से प्रेम संबंध थे। वे ‘गंदी बात’ करते रहे हैं। लेकिन हाल ही में अनूप मोरे ने उन्हें जान से मारने की साजिश की है। वे उन्हें लगातार धमका रहे हैं। अपनी गंदी हरकतें उजागर न करने की चेतवानी दे रहे हैं। इस सनसनीखेज खुलासे से भाजपा के स्थानीय राजनीतिक हलकों में जबरदस्त खलबली मच गई है।
गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी
महिला पदाधिकारी के अनुसार अनूप मोरे ने उन्हें धमकी दी कि वे उनकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो किसी अन्य को न दिखाएं, अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। महिला नेता के मोबाइल पर मोरे कई अश्लील फोटो भेज चुके हैं। शिकायत में आगे कहा गया है कि जब वे अपनी कार में बैठी थीं, तभी दो अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर दिया और गाड़ी की पिछली कांच फोड़ दी। महिला ने आरोप लगाया कि यह हमला अनूप मोरे के इशारे पर करवाया गया था।
पार्टी की छवि को नुकसान
इस घटना के बाद भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ताओं में खलबली मच गई है। पार्टी के भीतर इस मुद्दे पर तीखी चर्चा जारी है। कई कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस तरह के आरोपों से पार्टी की छवि को नुकसान पहुंच रहा है। पुलिस ने इस संबंध में चिंचवड़ थाने में अदखलपात्र अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
