सामना संवाददाता/सुल्तानपुर
गोपाष्टमी पर्व पर सुल्तानपुर के मोतिगरपुर स्थित पहाड़पुर सराय भीखम गांव के बाग में पूर्व विधायक अम्बिका प्रसाद सिंह की याद में आयोजित ६९ वें मेले में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ओपी चौधरी व आयोजक शशिबिंद सिंह बेचन ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच गौमाता की तिलक कर पूजा अर्चना की। जिला पशु चिकित्सा अधिकारी डा.अशोक तिवारी, पशु चिकित्सा अधिकारी ढेमा डॉ आरए चौधरी व दियरा के डा. कमलेश यादव ने टीम सहित उन्नतशील गन्ना व अच्छी नस्ल के लिए गायों का चयन किया।
१९५६ में किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए पूर्व विधायक अंबिका प्रसाद सिंह ने गांव में ही गोपाष्टमी पर्व पर जिले में अनोखे मेले की शुरुआत की थी। उनके निधन के बाद उनके प्रपौत्र अरविंद सिंह व शशीबिंद सिंह बेचन मेले की अलख जगा रहे हैं ६९वें वर्ष में बुधवार को आयोजित गोपाष्टमी मेले में क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान अपनी अच्छी नस्ल के पशु व उन्नतशील गन्ने का प्रदर्शन किए। मेले में कार्यक्रम की शुरूआत अतिथिगण कांग्रेस नेता ओपी चौधरी व अभिषेक सिंह राणा द्वारा पूर्व विधायक अम्बिका प्रसाद सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर हुई।
अथितियों ने कहा पूर्व विधायक की सोच थी कि गाय के दूध में जहां पौष्टिक आहार मिलेगा। देसी खाद से किसानों के खेतों की उपज बढ़ेगी। किसान खुशहाल होगा। उन्नतशील गन्ने की उपज से आर्थिक मजबूती मिलेगी। चयन प्रक्रिया में देशी बछिया वर्ग में मलवा के लकी मिश्र प्रथम तथा डड़वाकला के आदित्य द्वितीय स्थान पर रहे। जर्सी बछिया वर्ग में पहाड़पुर के सुरेश गुप्ता प्रथम स्थान पर रहे। देशी गाय वर्ग में पहाड़पुर के हर्षित को प्रथम व डड़वाकला के महाबीर यादव को द्वितीय स्थान मिला। वहीं जर्सी गाय वर्ग में मलवा निवासी पवन मिश्र प्रथम और डड़वाकला के समर बहादुर यादव द्वितीय स्थान पर रहे। बैल जोड़ी प्रतियोगिता में डड़वाकला के देवमणि यादव की जोड़ी प्रथम और पहाड़पुर के राम किशुन की जोड़ी द्वितीय रही। गन्ना प्रजाति वर्ग में धरसौली के विशाल सिंह प्रथम व पहाड़पुर के श्याम बिहारी मिश्र द्वितीय स्थान पर रहे।
संचालन महोबा शुक्ल ने किया। आयोजक शशीबिंद सिंह बेचन ने लोगों का आभार जताया। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष विनय प्रजापति, घनश्याम मिश्र, डा अरविंद पाल, जयराज मिश्रा, रिंकू सिंह, घनश्याम पांडेय, अनिरुद्ध यादव, कपिलदेव यादव, शंभू प्रसाद आदि रहे।
