-७० किमी दूर गन्ने के खेत में फेंकी लाश
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक भाई ने अपनी ही बहन का बेरहमी से कत्ल कर दिया। आरोपी ने पहले बहन का गला घोंटा, फिर हाथ-पैर तोड़कर लाश को बोरे में भरकर ७० किलोमीटर दूर कुशीनगर जिले के एक गन्ने के खेत में फेंक आया। पुलिस ने शव को बरामद कर लिया है। आरोपी भाई ने अपनी बहन का कत्ल पैसों को लेकर हुई कहासुनी में किया।।
घटना गोरखनाथ थाना क्षेत्र के नया गांव की है। यहां रहने वाले चिंकू निषाद को हाल ही में फोरलेन प्रोजेक्ट की जमीन का ५ लाख रुपए मुआवजा मिला था। उनका बड़ा बेटा राम आशीष (३२) इस रकम में से २ लाख रुपए अपने हिस्से के तौर पर मांग रहा था। लेकिन चिंकू यह पैसा अपनी बेटी नीलम (१९) की शादी में खर्च करना चाहते थे। इसी बात से नाराज होकर राम आशीष ने खौफनाक कदम उठा लिया। २७ अक्टूबर को चिंकू निषाद की पत्नी इसरावती देवी अपने मायके गई हुई थीं और चिंकू खुद खेतों में पशु चराने गए थे। घर पर केवल नीलम अकेली थी। इसी बीच राम आशीष घर पहुंचा। शाम करीब ४ बजे तक मोहल्ले वालों ने नीलम को घर के बाहर देखा था, लेकिन ६ बजे के बाद राम आशीष को एक बड़े बोरे के साथ बाइक पर जाते हुए देखा गया। शाम को चिंकू घर लौटे तो नीलम लापता थी। पहले उन्होंने सोचा कि वह छठ पूजा में गई होगी, लेकिन देर रात तक कोई खबर नहीं मिली। इसी बीच गांव के एक व्यक्ति ने बताया कि उसने राम आशीष को बाइक पर एक बड़ा बोरा लादकर ले जाते देखा था।
भाई ने कबूला अपना जुर्म
अगले दिन पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो वह पहले झूठ बोलता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ के बाद उसने जुर्म कबूल कर लिया। राम आशीष ने बताया कि वह पिता से पैसे मांगता रहा, लेकिन पैसे नहीं दिए और पैसे नीलम की शादी में खर्च होते देख वह भड़क गया और उसने अपने बहन की हत्या कर दी।
