मुख्यपृष्ठनए समाचारयोगी सरकार का शर्मसार कर देनेवाला स्वास्थ्य मॉडल... नेशनल हाईवे पर प्रसूता...

योगी सरकार का शर्मसार कर देनेवाला स्वास्थ्य मॉडल… नेशनल हाईवे पर प्रसूता को उतार भागे एंबुलेंस कर्मी!

-कीचड़ सनी जमीन पर जन्‍मी बेटी

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में एक दर्दनाक और शर्मनाक घटना सामने आई है। लालगंज थाना क्षेत्र के कोठी खुर्द गांव के रहने वाले अतीक अहमद की पत्नी अरवी बानो को सोमवार रात प्रसव पीड़ा हुई थी। उन्हें १०२ एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बरौंधा ले जाया जा रहा था। अस्पताल के सामने सड़क पर कीचड़ देखकर एंबुलेंस कर्मी ने आगे जाने से इनकार कर दिया। एंबुलेंस चालक ने दर्द से कराह रही महिला को सड़क पर ही उतार दिया। वहीं कीचड़ में महिला ने बच्ची को जन्म दिया। घटना पर कांग्रेस-सपा ने सवाल उठाए हैं।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि एंबुलेंस कर्मी ने यह कहकर महिला को सड़क पर उतारा कि सामने कीचड़ है, गाड़ी आगे नहीं जाएगी। परिजन अतीक अहमद ने बताया कि एंबुलेंस वाले ने सड़क पर उतार दिया और कीचड़ में ही उनकी बच्ची का जन्म हुआ। इस अमानवीय घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी (डीएम) पवन कुमार गंगवार ने तत्काल संज्ञान लिया। डीएम पवन कुमार गंगवार ने कहा कि एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें गर्भवती महिला को एंबुलेंस ने रास्ते में छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को जल्द से जल्द जांच पूरी करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल, मामला चर्चा का विषय बन गया है और लोग एंबुलेंस चालक की तीखी आलोचना कर रहे हैं।

अन्य समाचार