मुख्यपृष्ठनए समाचारकांग्रेस ने किया भाजपा का पर्दाफाश...मीरा-भायंदर में ‘हेराफेरी फॉर वोट’ के और...

कांग्रेस ने किया भाजपा का पर्दाफाश…मीरा-भायंदर में ‘हेराफेरी फॉर वोट’ के और मामलों को किया उजागर

सामना संवाददाता / मुंबई

पूरे देश के साथ-साथ मीरा भायंदर शहर में भी अब वोट चोरी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पूर्व महापौर और नगरसेविका डिंपल विनोद मेहता सहित कई प्रमुख पदाधिकारियों और पूर्व नगरसेवकों की पोल खोलने के बाद कांग्रेस ने ‘हेराफेरी फॉर वोट’ के और भी कई मामलों को उजागर किया है।
कांग्रेस प्रवक्ता दीपक बागड़ी ने शुक्रवार को एक बार फिर सबूतों के साथ आरोप लगाया कि मनपा में पूर्व भाजपा नगरसेवक मदन सिंह और उनकी पत्नी रीता सिंह का नाम मीरा भायंदर (१४५) के सूची क्रमांक ५३ और १४६ के सूची क्रमांक ५ के अलावा उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के मछलीशहर लोकसभा क्षेत्र (३७१) और जफराबाद विधानसभा क्षेत्र में अक्टूबर २०२४ की प्रकाशित सूची में भी दर्ज है। बागड़ी ने यह भी खुलासा किया कि भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता शैलेश पांडे का नाम भी उत्तर प्रदेश के इसी निर्वाचन क्षेत्र के अलावा मीरा भायंदर विधानसभा मतदाता सूची में भी दर्ज है। दोनों राज्यों में नाम दर्ज कराकर राजनीति करने वाले जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों पर कानूनी कार्यवाही की मांग करते हुए कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रमोद सामंत ने चुनाव आयोग को शिकायत पत्र भेजा है। जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत मतदाता सूची में दो स्थानों में एक व्यक्ति का नाम पाया जाना दंडनीय अपराध है जिसमें एक साल जेल की सजा और जुर्माने का प्रावधान है। कांग्रेस ने बार-बार नाम दर्ज कराने वाले नेताओं को चेतावनी दी है कि वे मतदाताओं को बेवकूफ बनाने का यह धंधा बंद कर दें।

अन्य समाचार