मुख्यपृष्ठसमाचारवसई में 43.76 लाख रुपए की केबल चोरी...पुलिस की गश्त पर उठ...

वसई में 43.76 लाख रुपए की केबल चोरी…पुलिस की गश्त पर उठ रहे हैं सवाल…पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जनता में आक्रोश

राधेश्याम सिंह / वसई

वसई क्षेत्र में एक बार फिर पुलिस गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पेल्हार थाना क्षेत्र में हुई लाखों रुपए की चोरी ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। मिली जानकारी के अनुसार, गोवर्धन भोईर (42) ने शिकायत दर्ज कराई है कि 19 अक्टूबर 2025 दोपहर 1 बजे से लेकर 8 नवंबर 2025 सुबह 10 बजे तक, मुंबई-अमदाबाद रोड स्थित शिवाचा पाडा, गोल्डन चैरियट होटल के पास सर्विस रोड पर खुले में रखे ₹43,76,736 मूल्य के इलेक्ट्रिक केबल के चार ड्रम किसी अज्ञात चोर ने चोरी कर लिए।चोरी की यह वारदात शहर में बढ़ती चोरी घटनाओं की एक और कड़ी साबित हो रही है। वसई तालुका के अलग अलग क्षेत्रों में लगातार हो रही चोरियों के बावजूद पुलिस गश्त का अभाव साफ नजर आ रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि रात के समय पुलिस की गश्त बेहद कमजोर है, जिसके चलते चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने अपने वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा के बाद 8 नवंबर को औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। पेल्हार पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 302 (2) (चोरी) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय व्यापारियों और रहिवासियों ने पुलिस प्रशासन से सख्त कदम उठाने और गश्त बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि जब मुख्य सड़कों पर ही लाखों की चोरी हो रही है, तो आम लोगों के घरों एवं सुरक्षा को लेकर गंभीर प्रश्नचिह्न लग गया है। वसई-विरार क्षेत्र में हाल के महीनों में लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं ने नागरिकों की नींद उड़ा दी है। लोगों का कहना है कि अगर पुलिस की तरफ से तत्काल चोरों के ऊपर कार्रवाई नहीं की गई तो अपराधियों के हौसले बढ़ेंगे।

अन्य समाचार