मुख्यपृष्ठअपराधसहारनपुर से गिरफ्तार आतंकी डॉ. अदील के लॉकर से मिली असॉल्ट राइफल...अनंतनाग...

सहारनपुर से गिरफ्तार आतंकी डॉ. अदील के लॉकर से मिली असॉल्ट राइफल…अनंतनाग के अस्पताल में छिपा रखा था हथियार!

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

सहारनपुर से 7 नवंबर को गिरफ्तार डॉ. अदील अहमद के लॉकर से असॉल्ट राइफल मिली है। उसने ये हथियार अनंतनाग के जीएमसी अस्पताल में छिपा रखे थे। वह जम्मू-कश्मीर में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद का नेटवर्क खड़ा करना चाहता था। जीएमसी अस्पताल का इस्तेमाल आतंकियों की मदद और हथियार छिपाने के अड्डे के रूप में कर रहा था। अब तक की जांच और उससे पूछताछ के आधार पर ही हथियार की बरामदगी हुई है। जम्मू में पुलिस उससे अभी पूछताछ कर रही है। आतंकियों से कनेक्शन की पड़ताल की जा रही है। इस केस में अब तक आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच अधिकारियों को अंदेशा है कि उसके कुछ अन्य मददगार अभी छिपे हो सकते हैं। उनकी तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
डॉ. अदील अहमद राठर जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग का रहने वाला है। वह सहारनपुर के अंबाला रोड स्थित प्राइवेट अस्पताल फेमस हॉस्पिटल में मेडिसिन विशेषज्ञ के रूप में तैनात था। कुछ दिन पहले श्रीनगर के कई इलाकों में जैश-ए-मोहम्मद के पोस्टर लगाए गए थे, जिनमें आतंकी संगठन के समर्थन में बातें लिखी थीं। घटना के बाद श्रीनगर में तनाव फैल गया था। पुलिस ने 28 अक्टूबर को मामले में केस दर्ज किया था। जांच के दौरान पुलिस ने आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें डॉ. आदिल पोस्टर लगाते हुए नजर आया। श्रीनगर पुलिस ने उसके पैतृक गांव अनंतनाग में परिजनों से पूछताछ की। मोबाइल सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन ट्रेस की। ट्रैकिंग के बाद टीम गुरुवार को सहारनपुर पहुंची। एसएसपी आशीष तिवारी से मुलाकात कर मामले से अवगत कराया। कागजी कार्रवाई पूरी की।
इसके बाद स्थानीय पुलिस और एसओजी की मदद से अंबाला रोड के अस्पताल से डॉ. अदील को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को सहारनपुर में थाना सदर बाजार में पेश किया गया, जहां से अदालत ने ट्रांजिट रिमांड पर श्रीनगर पुलिस को सौंप दिया। अदील ने 4 अक्टूबर को एक महिला डॉक्टर से निकाह किया था। सहारनपुर में अदील के खिलाफ पहले से कोई मुकदमा दर्ज नहीं है। श्रीनगर पुलिस ने अपने केस का नंबर और विवरण साझा किया है, जिसके तहत उसे पूछताछ के लिए ले जाया गया है। जांच में पता चला है कि डॉ. अदील इससे पहले दिल्ली रोड और अंबाला रोड के अस्पताल में भी काम कर चुका है। इस संदर्भ में फेमस हॉस्पिटल के एडमिन इंचार्ज असलम जैदी का कहना है कि डॉ. अदील करीब 6 महीने पहले ही इस हॉस्पिटल में आया था। इससे पहले वे दिल्ली रोड स्थित वी-ब्रॉस हॉस्पिटल में काम करता था। 4 अक्टूबर को शादी के लिए वो छुट्टी लेकर गया था। अस्पताल को कार्ड भी दिया था। यहां पर उनका बिहेवियर काफी अच्छा रहा है। दो दिन पहले ही उसने छुट्टी ली थी। इस दौरान ही उसकी गिरफ्तारी हुई है। अस्पताल से उसको गिरफ्तार नहीं किया गया है। यहां कोई भी पुलिस नहीं आई। पुलिस उसे बाहर से ही लेकर गई है। हमें भी यह जानकारी आज लगी है।

अन्य समाचार