परिवहन विभाग ने जारी किया आदेश
मनसे के दबाव में पड़ा झुकना
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र परिवहन विभाग ने बड़ा पैâसला लिया है। इसके तहत अब राज्य की सभी एंबुलेंस में किराया चार्ट लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। बता दें कि लंबे समय से मरीजों के परिजनों से मनमाना किराया वसूलने की शिकायतें सामने आ रही थीं। इसके मद्देनजर मनसे ने इसे एंबुलेंस लूट बताते हुए सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग की थी। इस पर ठोस कदम उठाते हुए अब परिवहन विभाग ने आदेश जारी कर इस लूट पर लगाम लगाने की दिशा में कदम बढ़ाया है। दूसरी तरफ ‘महायुति’ सरकार की नींद तोड़ते हुए मनसे की पहल से आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि अक्सर मरीजों को इलाज के लिए एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल ले जाने की जरूरत पड़ती है, लेकिन इस दौरान एंबुलेंस संचालक मनमाना किराया वसूलकर मरीजों के परिजनों का आर्थिक शोषण करते हैं। इस गंभीर मुद्दे पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने आवाज उठाई और परिवहन विभाग से सभी एंबुलेंस में किराया चार्ट और मीटर लगाने की मांग की। मनसे की इस पहल पर कार्रवाई करते हुए परिवहन विभाग ने राज्य की सभी एंबुलेंस में किराया चार्ट प्रदर्शित करना अनिवार्य करने का पैâसला लिया है। विभाग का मानना है कि इस कदम से पारदर्शिता बढ़ेगी और एंबुलेंस के नाम पर चल रही लूट पर रोक लगेगी।
मीटर लगाना नहीं है संभव
परिवहन विभाग ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि फिलहाल तकनीकी कारणों से एंबुलेंस में मीटर लगाना संभव नहीं है, लेकिन किराया चार्ट प्रदर्शित करना सभी के लिए अनिवार्य रहेगा। इसके तहत राज्य के हर परिवहन कार्यालय और अस्पताल के प्रवेश द्वारों पर भी किराया चार्ट लगाया जाएगा।
