सामना संवाददाता / मुंबई
स्थानीय निकाय चुनाव में गठबंधन या समझौते के अधिकार स्थानीय स्तर पर दिए गए हैं, लेकिन कांग्रेस पार्टी अपनी विचारधारा पर अडिग है। यह सत्ता की नहीं, बल्कि विचारों की लड़ाई है। इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों और अन्य समान विचारधारा वाले दलों से चर्चा चल रही है, लेकिन घातियों व महायुति के किसी भी दल से गठबंधन नहीं किया जाएगा। यह स्पष्ट करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि इन चुनावों में कांग्रेस का ध्यान अधिक से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ने पर केंद्रित है।
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल की अध्यक्षता में कांग्रेस की राज्य चुनाव समिति की महत्वपूर्ण बैठक तिलक भवन, दादर में आयोजित की गई। पत्रकारों के प्रश्न का उत्तर देते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि इंडिया गठबंधन के रूप में चर्चा करने के निर्देश स्थानीय नेतृत्व को दिए गए थे, जिसके अनुसार उन्होंने घटक दलों और स्थानीय आघाड़ी के संबंध में चर्चा की है। वामनराव चटप और राजू शेट्टी की किसान संगठन, महादेव जानकर की पार्टी के साथ चर्चा जारी है, जबकि कुछ जिलों में वंचित बहुजन आघाडी के साथ गठबंधन हो चुका है। सपकाल ने कहा कि मुंबई महानगरपालिका चुनाव अभी घोषित नहीं हुए हैं, कल ही आरक्षण की घोषणा हुई है। चुनाव की घोषणा होने के बाद ही यह तय किया जाएगा कि गठबंधन करना है या अकेले चुनाव लड़ना है।
