मुख्यपृष्ठसमाचारघर में बैंक प्रबंधक को चापड़ से मारा, हालत गंभीर

घर में बैंक प्रबंधक को चापड़ से मारा, हालत गंभीर

राजेश सरकार

प्रयागराज। शहर में बदमाशों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। करेली भावापुर में दो बदमाशों ने घर में घुसकर सेवानिवृत्त बैंक मैनेजर राजकुमार मिश्रा (72) पर चापड़ से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजकुमार मिश्रा को लहूलुहान हालत में एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक राजकुमार मिश्रा अपने घर में अकेले थे। उनके चार बेटों में एक की मौत हो चुकी है। जबकि दो बेटे बाहर नौकरी करते हैं और बड़ा बेटा अपनी पत्नी के साथ पठानकोट गया हुआ है। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात वारदात से पहले पड़ोस का एक युवक उनके घर आया था और परफ्यूम लेने के बहाने दरवाजा खुलवाया था। इसी दौरान मौका पाकर दो बदमाश घर में घुस आए और राजकुमार मिश्रा पर चापड़ से हमला कर दिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग जुटे और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल बैंक मैनेजर को तुरंत अस्पताल भिजवाया। पुलिस का मानना है कि बदमाश चोरी की नीयत से घर में घुसे थे। राजकुमार मिश्रा के जागने पर उन्होंने हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस टीम आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। करेली थाना प्रभारी दिनेश शुक्ला ने बताया कि दो हमलावरों ने वारदात को अंजाम दिया है। दोनों की तलाश जारी है और पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

अन्य समाचार

12वीं फेल