राधेश्याम सिंह
वसई। वसई उपविभागीय अधिकारी कार्यालय में गुरुवार को अपर जिलाधिकारी (पालघर) का अपीलीय न्यायालय प्रारंभ किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वकील,पक्षकार और नागरिक उपस्थित रहे।
राजस्व मंत्री ने वसई क्षेत्र में बढ़ती लंबित अपीलों को ध्यान में रखते हुए निर्देश दिया था कि अपर जिलाधिकारी (मुख्यालय जव्हार) सप्ताह में एक दिन वसई में उपस्थित होकर राजस्व प्रकरणों की सुनवाई करें। कार्यक्रम में अपर जिल्हाधिकारी भाऊसाहेब गंगाधर फटांगरे का स्वागत अधिवक्ता भरत कृष्णा पाटील ने पुष्पगुच्छ देकर किया, वहीं उपविभागीय अधिकारी शेखर घाडगे का स्वागत अधिवक्ता दर्शना त्रिपाठी ने किया। संचालन अधिवक्ता विल्यम फर्नांडिस ने किया।इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता मोजेस रॉड्रिग्ज, नंदन भगत, अंजली पाटील, साधना धुरी, धनंजय चव्हाण, प्रकाश कोठावळे, योगेश राऊत सहित कई वकील उपस्थित रहे।
उपविभागीय अधिकारी शेखर घाडगे ने कहा कि वसई तालुका के लंबित राजस्व अपीलों के निपटारे के लिए प्रयास जारी हैं और सभी प्रकरणों का शीघ्र निर्णय किया जाएगा। वहीं अपर जिलाधिकारी फटांगरे ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार नागरिकों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए प्रकरणों का शीघ्र निपटारा किया जाएगा। उन्होंने वकीलों से सहयोग करने और अनावश्यक स्थगन न लेने की अपील की।न्यायालय के शुभारंभ से वसई तालुका के नागरिकों, वकीलों और पक्षकारों में प्रसन्नता का माहौल है।
