सामना संवाददाता / नई दिल्ली
बिहार विधानसभा चुनाव २०२५ के शुरुआती पोल आ चुके हैं। वोट वाइब सर्वे के अनुसार, इस बार मुकाबला बेहद कड़ा होता दिख रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद नेता तेजस्वी यादव के बीच सत्ता की होड़ लगभग बराबरी की है। बिहार विधानसभा चुनाव २०२५ के नतीजों से पहले ही तेजस्वी यादव चर्चा में हैं। एग्जिट पोल्स और जनता के रुझानों से साफ है कि राज्य के युवाओं के बीच उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। कभी लालू यादव के बेटे के नाम से पहचाने जाने वाले तेजस्वी अब अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। बेरोजगारी, शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों पर खुलकर बोलने वाले तेजस्वी न केवल युवाओं की उम्मीद बन गए हैं, बल्कि बिहार की नई राजनीति का चेहरा भी बनते दिख रहे हैं।
वोट वाइब एग्जिट पोल २०२५ के ताजा आंकड़ों के अनुसार, तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे पसंदीदा उम्मीदवार बनकर उभरे हैं। सर्वे के अनुसार, लगभग ३५ प्रतिशत लोगों ने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री के रूप में पसंद किया है, जबकि नीतीश कुमार को लगभग ३३ प्रतिशत मतदाताओं का समर्थन प्राप्त हुआ। जन सुराज प्रमुख प्रशांत किशोर लगभग ९ प्रतिशत मतदाताओं के पसंदीदा उम्मीदवार बनकर उभरे हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि बिहार की जनता अभी भी नीतीश और तेजस्वी के बीच बंटी हुई है और अंतिम परिणाम किसी भी दिशा में जा सकता है।
