मुख्यपृष्ठसमाचारमालाड में भाजपा के वरिष्ठ नेता विनोद शेलार के खिलाफ फूटा कार्यकर्ताओं...

मालाड में भाजपा के वरिष्ठ नेता विनोद शेलार के खिलाफ फूटा कार्यकर्ताओं का गुस्सा

सामना संवाददाता  / मुंबई

मालाड-पश्चिम स्थित लिबर्टी गार्डन स्कूल के बाहर शनिवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेता विनोद शेलार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन और नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि लंबे समय से स्थानीय संगठन, वार्ड पदाधिकारियों और जमीनी कार्यकर्ताओं की लगातार अनदेखी की जा रही है तथा सभी निर्णय एकतरफा और मनमाने ढंग से लिए जा रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि महाराष्ट्र के पालकमंत्री आशिष शेलार के भाई विनोद शेलार पर संगठन में मनमानी करने और स्थानीय पदाधिकारियों को विश्वास में लिए बिना कार्यक्रम आयोजित करने के गंभीर आरोप हैं। उनका कहना था कि वर्षों से पार्टी के लिए मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मान और प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है, जिससे संगठन के भीतर भारी नाराजगी है।

इस पूरे विवाद के बीच भाजपा मालाड मंडल की वार्ड अध्यक्ष नीलिमा कदम द्वारा प्रदेश नेतृत्व को भेजा गया एक विस्तृत पत्र भी चर्चा का विषय बना हुआ है। पत्र में आरोप लगाया गया है कि विनोद शेलार द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में स्थानीय वार्ड अध्यक्षों, नगरसेवकों तथा समर्पित कार्यकर्ताओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल टूट रहा है और संगठनात्मक प्रोटोकॉल की खुलेआम अनदेखी हो रही है।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि स्थानीय कार्यकर्ताओं में असंतोष इतना बढ़ गया था कि उन्होंने विरोध दर्ज कराने का निर्णय लिया। वार्ड अध्यक्ष ने प्रदेश नेतृत्व से तत्काल हस्तक्षेप कर संगठन में समन्वय, अनुशासन और स्थानीय कार्यकर्ताओं के सम्मान को बहाल करने की मांग की है।

प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं का कहना था कि भाजपा का संगठन हमेशा कार्यकर्ताओं की मेहनत पर खड़ा रहा है, लेकिन यदि जमीनी कार्यकर्ताओं को ही दरकिनार किया जाएगा तो इससे संगठन कमजोर होगा और गलत संदेश जनता तक पहुंचेगा। उन्होंने पार्टी नेतृत्व से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।

अन्य समाचार

12वीं फेल