सामना संवाददाता / मुंबई
हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे के स्मृतिदिन के अवसर पर सोमवार १७ नवंबर को स्मृति स्थल पर निष्ठावंतों का जनसागर उमड़ेगा। हजारों शिवसैनिक और शिवप्रेमी शिवसेनाप्रमुख के स्मृति स्थल के समक्ष नतमस्तक होंगे। इस कार्यक्रम के लिए पुलिस, मनपा और शिवसेना की ओर से सुरक्षा और व्यवस्थापन की जबरदस्त तैयारी की गई है।
शिवप्रेमियों के मन में आत्मसम्मान की ज्योत प्रज्वलित करने वाले हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे के निर्वाण के बाद हर वर्ष उनके स्मृतिदिन पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु स्मृति स्थल पर उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचते हैं। इनमें शिवसैनिकों के साथ अन्य राजनीतिक दलों के नेता और सामान्य नागरिक भी शामिल होते हैं। होनेवाली भारी भीड़ को देखते हुए मुंबई पुलिस, मनपा और शिवसेना द्वारा विशेष सुविधाओं और व्यवस्थाओं की तैयारी की गई है। इस वर्ष भी १७ नवंबर को सुबह ७ बजे से यहां दर्शन किया जा सकेगा।
स्मृति स्थल पर फूलों की सजावट
शिवसेनाप्रमुख के स्मृतिदिन के उपलक्ष्य में शिवतीर्थ परिसर को मनपा की ओर से सुंदर फूलों की सजावट से सजाया गया है। साथ ही परिसर की हरियाली और स्वच्छता की भी विशेष देखरेख की गई है।
