मुख्यपृष्ठअपराधइंस्टाग्राम पर दोस्ती...शादी का झांसा देकर ईडी की रेड से बचाने के...

इंस्टाग्राम पर दोस्ती…शादी का झांसा देकर ईडी की रेड से बचाने के नाम पर युवती से 92 लाख की ठगी…रील स्टार गिरफ्तार

सामना संवाददाता / कल्याण

डोंबिवली में इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर शादी का भरोसा दिलाने वाले रील स्टार शैलेश प्रकाश रामुगडे ने अपनी प्रेमिका को ईडी की रेड से बचाने के नाम पर 92 लाख 75 हजार रुपए का चूना लगाया। आरोपी ने सोशल मीडिया पर खुद को मॉडल बताकर बीएमडब्ल्यू कार, महंगे मोबाइल और आभूषण की दिखावट कर युवती का भरोसा जीता। इसके बाद उसने झूठा दावा किया कि उसके घर पर ईडी की छापेमारी हुई है और 2 किलो सोना व 1 करोड़ रुपए जब्त हुए हैं। यह कहते हुए उसने युवती से रकम और सोने के आभूषण दिलवाए, ताकि उसके ऊपर से केस हट जाए और पैसे छुड़ाए जा सकें। इस छलावे में आकर युवती ने 51.50 लाख रुपए नकद और लाखों के सोने के गहने दे दिए। बाद में सामने आया कि आरोपी ने सब हड़प लिया और कुल 92.75 लाख की ठगी को अंजाम दिया।
विष्णुनगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर 37 तोला सोना, चार महंगे मोबाइल और बीएमडब्ल्यू कार जब्त की है। जांच में यह भी पता चला कि कापुरबावड़ी पुलिस थाने में भी इसी युवक पर दो धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं, जिनमें वह युवतियों को शादी का वादा कर पैसे ऐंठता था। सोशल मीडिया पर आलीशान जीवनशैली दिखाना और भावनात्मक ब्लैकमेल कर बड़ी रकम वसूलना उसकी खास तरकीब थी। पुलिस को आशंका है कि और भी पीड़ित सामने आ सकते हैं, मामला आगे जांच में है।

अन्य समाचार