मुख्यपृष्ठधर्म विशेषमाखन बाल गोपालहिं भावै

माखन बाल गोपालहिं भावै

शीतल अवस्थी

श्री कृष्ण के अनेक रूप हैं और हर रूप की लीला अद्भुत है। प्रेम को परिभाषित करने वाले, उसे जीने वाले इस माधव ने जिस क्षेत्र में हाथ रखा, वहीं नए कीर्तिमान स्थापित किए। मां के लाड़ले, जिनके संपूर्ण व्यक्तित्व में मासूमियत समाई हुई है। कहते तो लोग ईश्वर का अवतार हैं, पर वे बालक हैं तो पूरे बालक। मां से बचने के लिए कहते हैं- मैया मैंने माखन नहीं खाया। मां से पूछते हैं- मां वह राधा इतनी गोरी क्यों है, मैं क्यों काला हूं? शिकायत करते हैं कि मां मुझे दाऊ क्यों कहते हैं कि तू मेरी मां नहीं है। ‘यशोदा मां’ जिसे अपने कान्हा से कोई शिकायत नहीं है? उन्हें अपने लल्ला को कुछ नहीं बनाना, वह जैसा है उनके लिए पूरा है।
‘मैया कबहुं बढ़ैगी चोटी।
किती बेर मोहि दूध पियत भइ यह अजहूं है छोटी।’
यहां तक कि मुख में पूरी पृथ्वी दिखा देने, न जाने कितने मायावियों, राक्षसों का संहार कर देने के बाद भी मां यशोदा के लिए तो वे घुटने चलते लल्ला ही थे जिनका कभी किसी काम में कोई दोष नहीं होता। सूर के पदों में अनोखी कृष्ण बाल लीलाओं का वर्णन है। सूरदास ने बालक कृष्ण के भावों का मनोहारी चित्रण प्रस्तुत किया जिसने यशोदा के कृष्ण के प्रति वात्सल्य को अमर कर दिया। यशोदा के इस लाल की जिद भी तो उसी की तरह अनोखी थी ‘मां मुझे चांद चाहिए।
माखन बाल गोपालहिं भावै।
भूखे छिन न रहत मन मोहन, ताहि बदौं जो गहरु लगावै,
आनि मथानी दह्यौ बिलोवौं, जो लगि लालन उठन न पावै।
जागत ही उठि रारि करत है, नहिं मानै जौ इंद्र मनावै,
हौं यह जानति बानि स्याम की, अंखियां मीचे बदन चलावै।
नंद-सुवन की लगौं बलैया, यह जूठनि कछु सूरज पावै,
इसका भावार्थ है (माता कहती हैं), `मेरे बालगोपाल को मक्खन रुचिकर है। मन मोहन एक क्षण भी भूखे नहीं रह सकता; इसमें जो देर लगा सके, उससे मैं होड़ बद सकती हूं। मथानी लाकर मैं तब तक दही मथ लूं जब तक कि मेरा लाल जाग न जाय; (क्योंकि) उठते ही वह (मक्खन के लिए) मचल जाता है और फिर इंद्र भी आकर मनावें तो मान नहीं सकता। मैं श्याम का यह स्वभाव जानती हूं कि वह (आधी नींद में भी उठकर मक्खन लेकर) नेत्र बंद किए हुए मुंह चलाता रहता है।’ सूरदासजी कहते हैं कि मैं श्रीनंदनंदन के ऊपर बलिहारी जाता हूं, उनका यह उच्छिष्ट कुछ मुझे भी मिल जाय।
‘काहे को तूने मेरा माखन चुराया
काहे को तूने मेरी गगरी गिराई’

अन्य समाचार