सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई के दादर (पूर्व) स्थित स्वामीनारायण मंदिर परिसर में शनिवार, 15 नवंबर 2025 को एक प्रेरणादायी और उत्साहपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जेटकिंग के चेयरमैन एमेरीटस सुरेश भारवानी द्वारा लिखित पुस्तक “लकी यू” का औपचारिक विमोचन किया गया। यह पुस्तक जीवन में प्रभावकारी और सकारात्मक बदलाव लाने पर आधारित है।
विमोचन समारोह में सुरेश भारवानी की पत्नी अनिशा भारवानी, महाराष्ट्र तिलक विद्यापीठ के अध्यक्ष रोहित तिलक और मोहन सालेकर समेत कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि मुंबई और आस-पास के क्षेत्रों के लगभग 1,000 से अधिक स्कूली बच्चों ने इसमें हिस्सा लिया, जिससे कार्यक्रम में ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ।
मंच से बच्चों और युवाओं से अपील की गई कि वे “लकी यू” पुस्तक को अवश्य पढ़ें और इसके सिद्धांतों को अपने जीवन में लागू करें, ताकि वे बेहतर भविष्य की दिशा में कदम बढ़ा सकें।
लाइफ कोच और मोटिवेटर मोहन ने कार्यक्रम में बच्चों को प्रेरित करने के लिए कई उपयोगी सुझाव और टिप्स साझा किए, जिससे वातावरण में सकारात्मकता भर गई। इसके अलावा बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा और इसे अत्यंत प्रेरणादायक बताया।
