हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला से एक बेहद चौंकानेवाली घटना सामने आई है। यहां एक बार फिर तेजाब कांड सामने आया है। शनिवार देर शाम नगर निगम के पैलेस दो वार्ड सैन मोहल्ला में एक व्यक्ति ने पत्नी पर तेजाब फेंककर उसे छत से धक्का दे दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी घर की ऊपरी मंजिल में छिप गया। आरोपी पति नंदलाल को पुलिस ने दरवाजा तोड़कर ढूंढ निकाला और गिरफ्तार कर लिया है। ५० प्रतिशत तक झुलस चुकी पत्नी को जोनल अस्पताल मंडी अस्पताल से एम्स बिलासपुर में रेफर किया गया है।
महिला और नंदलाल मूलत: धर्मपुर निवासी हैं, दोनों लंबे समय से मंडी में रहते हैं। नंदलाल मंडी में चाय की दुकान करता है और दोनों के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। शुक्रवार को नंदलाल और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जिसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ था। शनिवार शाम को भी दोनों में विवाद हुआ। नंदलाल ने घर में रखा तेजाब पत्नी पर फेंक दिया और छत से धक्का दे दिया। इसके बाद वह अपने ही घर की ऊपरी मंजिल में छिप गया। महिला को आसपास के लोग जोनल अस्पताल मंडी लेकर आए, वह ५० प्रतिशत तक झुलस चुकी है। आरोपी को पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़कर गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने तेजाब घर में ही होने की बात कही, जो बर्तन साफ करने के लिए रखा था। वहीं एएसपी मंडी अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि मंडी नगर निगम के पैलेस दो वार्ड में महिला पर उसके पति ने तेजाब फेंककर छत से धक्का दे दिया। पीड़ित महिला को एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है, आरोपित को घर से गिरफ्तार कर लिया गया है और आगामी कार्रवाई जारी है।
क्या घर सुरक्षित है?
मंडी जैसे शांत और धार्मिक शहर में लगातार ऐसी घटनाएं सामने आना चिंताजनक है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घरेलू हिंसा के मामलों में समय पर हस्तक्षेप न होने से स्थितियां अक्सर खतरनाक दिशा में चली जाती हैं। यह घटना फिर एक बार याद दिलाती है कि घरेलू विवादों को नजरअंदाज करना कितना घातक हो सकता है, क्योंकि कई बार घर ही सबसे असुरक्षित जगह बन जाता है।
