-स्टेला मारिस कान्वेंट का वार्षिकोत्सव
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
सिविल लाइंस स्थित स्टेला मारिस कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सालाना जलसे में केंद्रीय रिजर्व पुलिस त्रिसुंडी सेंटर के डीआईजी मदन कुमार ने बच्चों को सन्देश दिया कि, परिस्थिति कैसी भी हो। कितनी भी प्रतिकूल हो हिम्मत से सामना करना चाहिए। सकारात्मक प्रयास हमेशा मार्ग प्रशस्त करते हैं। जीवन में संयम और धैर्य के साथ स्थिति परिस्थिति का सामना करना चाहिए। ‘होप: द हार्टबीट ऑफ टुमारो’ नाम से आयोजित वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ ईश्वर प्रार्थना एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि थे सीआरपीएफ त्रिसुंडी सेंटर अमेठी के डीआईजी मदन कुमार। जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पालिकाध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल मौजूद रहे। विद्यालय की पीठासीन अधिकारी सिस्टर डॉ. जेसी मारिया एवं अन्य गणमान्य जनों की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम का संपूर्ण संचालन एवं समन्वय शिक्षिका प्रीति श्रीवास्तव व मंच समन्वयक ज़ेबा अख्तर ने किया। विद्यार्थियों ने मनोहारी प्रस्तुतियां दीं, जिनमें नृत्य, गीत, नाटक एवं नाट्य-नृत्य शामिल थे। इन प्रस्तुतियों ने विद्यालय परिसर को उल्लास, उमंग और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं प्रस्तुति की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समारोह के अंत में प्रधानाचार्य सिस्टर मारिया नैंसी ने वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार प्रकट किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ गरिमापूर्ण ढंग से किया गया।
