सामना संवाददाता / मुंबई
हर साल सर्दियों में भारी आवक के कारण सब्जियों के दाम आम आदमी की पहुंच में होते थे। इस साल बेमौसम बारिश से हुए नुकसान के कारण सब्जियों का उत्पादन कम हुआ है और सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं।
गत शुक्रवार और शनिवार को नासिक मार्वेâट समिति में मटर २०० रुपए प्रति किलो, बैगन १२० रुपए प्रति किलो के भाव से बिका, जबकि हरी धनिया प्रति जूड़ी का अधिकतम भाव १२० रुपए तक पहुंच गया था। खुदरा बाजार से ग्रामीण हरी धनिया लगभग गायब हो गई थी और अन्य सब्जियों के दाम भी १०० से १५० रुपए प्रति किलो के बीच थे।
नवंबर के पहले सप्ताह तक बेमौसम बारिश जारी रही, जिससे सब्जियों को नुकसान पहुंचा। पत्तेदार सब्जियां और फल खेतों में सड़ गए हैं। कीटों और बीमारियों का प्रकोप बढ़ गया है। परिणामस्वरूप, नासिक कृषि उपज मंडी समिति में अच्छी गुणवत्ता वाली सब्जियों की आवक कम हो गई है। पिछले सप्ताह ७ नवंबर को इस समिति में फलों और सब्जियों की आवक ६००६ क्विंटल थी, जो अब घटकर ४ हजार ८८८ रह गई है। हरी धनिया का अधिकतम भाव १२० रुपए प्रति जोड़ा रहा। मेथी का भाव प्रति जोड़ा ४८ से ६३ रुपए और पत्ते वाली प्याज का भाव ४४ रुपए प्रति जोड़ा रहा।
