मुख्यपृष्ठनए समाचारपीके की पार्टी ने फोड़ा `बम' ... रु. १४ हजार करोड़ में...

पीके की पार्टी ने फोड़ा `बम’ … रु. १४ हजार करोड़ में एनडीए ने खरीदे वोट! … बिहार चुनाव में खर्च हुए वर्ल्ड बैंक के करो़ड़ों रुपए

सामना संवाददाता / नई दिल्ली
बिहार विधानसभा चुनाव के दो चरणों के लिए शुक्रवार को मतगणना हुई और एनडीए ने प्रचंड बहुमत हासिल किया। इस एकतरफा और अप्रत्याशित परिणाम के बाद विपक्ष बेहद आक्रामक हो गया। अब आरोप लग रहे हैं कि चुनाव से पहले बिहार में महिलाओं के खातों में १०-१० हजार रुपए जमा करके आधिकारिक तौर पर वोट खरीदे गए और इसके लिए विश्व बैंक से मिले धन का भी दुरुपयोग किया गया, प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी ने आरोप लगाया है। इससे बिहार की राजनीति में हलचल मच गई है। जन सुराज के प्रवक्ता और वरिष्ठ पार्टी रणनीतिकार पवन वर्मा ने गंभीर आरोप लगाए हैं कि विश्व बैंक द्वारा समर्थित एक प्रोजेक्ट के लिए आवंटित धनराशि को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की केंद्र सरकार ने बिहार विधानसभा चुनावों में इस्तेमाल किया।
उन्होंने बताया कि बिहार में १.२५ करोड़ महिलाओं के खातों में १०,००० रुपए जमा किए गए, लेकिन दावा किया कि धन के समय और स्रोत पर संदेह है।
एक इंटरव्यू के दौरान पवन वर्मा ने एनडीए पर यह आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि बिहार में सरकारी कर्ज इस समय ४,०६,००० करोड़ रुपए है। प्रतिदिन ब्याज ६३ करोड़ रुपए है। खजाना खाली है। इसके बाद उन्होंने कहा कि पार्टी ने सुना है, हालांकि उन्होंने कहा कि यह गलत हो सकता है कि १०,००० रुपए का ट्रांसफर उन २१,००० करोड़ रुपए से दिया गया था, जो विश्व बैंक से किसी अन्य प्रोजेक्ट के लिए आया था। उन्होंने यह भी दावा किया कि ‘चुनाव आचार संहिता लागू होने से एक घंटा पहले, १४,००० करोड़ रुपए निकालकर राज्य की १.२५ करोड़ महिलाओं में बांट दिए गए।
` बिहार में बीजेपी ने बांटे पैसे’
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि बिहार चुनाव के दौरान निर्वाचन आयोग ने भाजपा से मिलीभगत की, जिसके चलते आदर्श आचार संहिता लागू होने के बावजूद मतदाताओं को नकद राशि और अन्य लाभ बांटे गए। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, चुनाव नतीजे निराशाजनक हैं। ऐसा लगता है कि महिलाओं को दिए जा रहे १० हजार रुपए के भुगतान चुनाव प्रचार के दौरान भी जारी रहे।

बिहार में जेडी(यू)-बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत १.२५ करोड़ महिला मतदाताओं के अकाउंट में १०,००० रुपए ट्रांसफर किए थे, जिस पर जनसुराज के प्रवक्ता ने बड़ा दावा किया है।

‘चुनाव आचार संहिता लागू होने से एक घंटा पहले, १४,००० करोड़ रुपए निकालकर राज्य की १.२५ करोड़ महिलाओं में बांट दिए गए।’

अन्य समाचार